5 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद, Jun 02, 2026

अहमदाबाद में आंधी के साथ बारिश, सरखेज इलाके में एक इंच से अधिक

शहर के कुछ इलाकों में लगभग एक इंच के आसपास बारिश होने से सड़कों पर पानी भरने की शिकायतें भी सामने आईं। कई निचले क्षेत्रों में जलभराव के कारण वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश का औसत आंकड़ा बहुत अधिक नहीं रहा, लेकिन कम समय में हुई तेज बारिश का असर कई इलाकों में दिखाई दिया।

Rain in Ahmedabad-Gujarat

अहमदाबाद में रात को आंधी के साथ बारिश के दौरान दो कारों पर गिरा पेड़।

अहमदाबाद शहर में सोमवार देर रात मानसून से पहले ही हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। तेज आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ और बोर्ड बैनर गिर गए। अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) के मुख्य नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शहर में औसतन छह मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 26 मिलीमीटर (एक इंच) वर्षा सरखेज क्षेत्र में हुई। पालडी में 25 मिलीमीटर, वटवा और मणिनगर में 19-19 मिलीमीटर, रामोल में 17 मिलीमीटर तथा चांदलोडिया, बोडकदेव और बोपल में 15-15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

30 पेड़ धराशायी

बारिश के साथ आई तेज आंधी ने शहर में व्यापक असर छोड़ा। मनपा सूत्रों के अनुसार क्षेत्रों में लगभग 30 पेड़ धराशायी हो गए। कई स्थानों पर विज्ञापन बोर्ड और बैनर भी गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मनपा और अग्निशमन विभाग की टीमों को देर रात तक पेड़ हटाने और मार्गों को सुचारू करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी।

गुजरात की 150 तहसीलों में बारिश, अहमदाबाद की धंधुका में सबसे अधिक

 गुजरात में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मंगलवार सुबह छह बजे पूरे हुए 24 घंटों के दौरान राज्य की 150 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई। अहमदाबाद जिले की धंधुका तहसील में सबसे अधिक करीब पौने चार इंच बारिश हुई। सूरत जिले की उमरपाड़ा में पौने 3 इंच, खेड़ा में पौने दो इंच तथा मातर व सुरेंद्रनगर जिले की लखतर में डेढ़ इंच वर्षा हुई।

प्रदेश के कई हिस्सों में दो से चार इंच तक बारिश होने से सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से आम की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं आंधी-बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत होने की खबरें भी हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सुरेंद्रनगर जिले की चूड़ा, खेड़ा जिले की नडियाद, तापी जिले की वलोड, भरूच जिले की हांसोट, भरूच, गांधीनगर जिले की मानसा, सुरेंद्रनगर जिले की दसाडा, तापी जिले की व्यारा, आणंद की उमरेठ, खेड़ा की महुधा, साबरकांठा की तलोद और नवसारी जिले की चिखली तहसील में एक इंच से अधिक बारिश हुई।

उत्तर गुजरात की अन्य तहसील राधनपुर, लाखणी समेत कुछ जगहों पर एक इंच के करीब बारिश हुई। दूसरी ओर अहमदाबाद शहर में पांच मिमी औसत बारिश हुई, जबकि गांधीनगर में 15 मिमी और वडोदरा शहर में आठ मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी दक्षिण, मध्य और उत्तर गुजरात के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

दूसरे दिन भी जारी रही बूंदाबांदी

राज्य में कुछ जगहों पर मंगलवार को दूसरे दिन भी कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हुई। सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक के आंकड़ों के अनुसार पाटण जिले की सामी तहसील में सबसे अधिक 14 मिमी, सूरत जिले की कामरेज में 7 मिमी, ओलपाड में 6 मिमी, बनासकांठा जिले की ओगड तहसील में 4 मिमी, मेहसाणा जिले की विसनगर में 4 मिमी तथा डांग जिले की आहवा में भी बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी दक्षिण, मध्य और उत्तर गुजरात के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें