
सांकेतिक तस्वीर-एआई जेनरेटेड
अलवर। रामगढ़ उपखंड के चौकी बास गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां टॉफी चबाते ही एक मासूम बच्ची के मुंह में विस्फोट हो गया। हादसे में बच्ची का मुंह और जबड़ा फट गया, जिसे गंभीर अवस्था में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
परिजनों ने दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया है। अस्पताल निदेशक डॉ. तैयब खान ने बताया कि मुंह में विस्फोट से बच्ची के चेहरे, मुंह और जबड़े के हिस्से में गहरी व जटिल चोटें आई हैं। स्थिति अत्यंत नाजुक होने के कारण बच्ची को आइसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया और जटिल सर्जरी की गई, जिसके बाद अब बच्ची पूरी तरह खतरे से बाहर है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। बच्ची के जबड़े का फटना और मुंह में विस्फोट किस वजह से हुआ, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
परिजनों ने किराने की दुकान संचालक के खिलाफ रामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि अक्षु अपनी बड़ी बहन अहाना के साथ दुकान पर टॉफी लेने गई थी। आरोप है कि दुकान संचालक सुदील उर्फ काला पुत्र नत्थो ने बच्ची को बारूद-पटाखे वाली टॉफी दे दी। जैसे ही बच्ची ने टॉफी को मुंह में रखकर चबाया, टॉफी में मौजूद बारूद के कारण मुंह के भीतर ही विस्फोट हो गया, जिससे बच्ची का जबड़ा और मुंह बुरी तरह फट गया।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि किराने की दुकान पर अवैध रूप से बारूद व पटाखों की बिक्री की जा रही है। फिलहाल दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह घटना नेशनल हाईवे 248-ए से मात्र तीन किलोमीटर दूर स्थित चौकी बास गांव में हुई है।
Published on:
03 Feb 2026 08:39 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
