
बहरोड़. जर्जर भवन, जिसका छज्जा गिरा। इनसेट में मृतक रत्नलाल. Photo- Patrika
राजस्थान के बहरोड़ शहर के वार्ड नंबर 15 व 16 के मध्य स्थिति खटीकों का मोहल्ला में एक जर्जर मकान का छज्जा वहां से गुजर रहे बाइक सवार युवक रत्नलाल (32) पर जा गिरा। मलबे में दबने से रत्नलाल की मौत हो गई।
रत्नलाल के साथ बाइक पर सवार उसके जुड़वा पुत्र-पुत्री हिमांशी (10) व हिमांशु (10) भी घायल हो गए, जिन्हें जयपुर रेफर किया गया है। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब रत्नलाल अपने जुड़वा बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था।
मृतक रत्नलाल मूलत: नीमराणा के कोलीला गांव का निवासी था। वर्तमान में वह अपने ससुराल में परिवार सहित रह रहा था। वह एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन था। जिस मकान का छज्जा गिरने से यह हादसा हुआ, वह मृतक रत्नलाल के घर के समीप ही है।
यह मकान पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है। प्रत्यक्षदर्शी जयसिंह व दीपक लखेरा ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे, तो मलबे में एक बाइक और उसके नीचे दो बच्चे दबे हुए थे।
घायलों को मलबे से निकाल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से रत्नलाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दोनों बच्चों को जयपुर रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान रत्नलाल ने दम तोड़ दिया। हादसे में हिमांशी की आंख में गंभीर चोट आई है। हिमांशु के पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
Updated on:
05 Feb 2026 11:45 am
Published on:
05 Feb 2026 11:43 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
