# बरेली

पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए बरेली में ट्रैफिक डायवर्जन; 3 दिन भारी वाहनों की नो-एंट्री, जानिए नया रूट

Bareilly: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर बरेली में 8, 9 और 10 जून को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी। जानिए नया रूट...

2 min read
बरेली में ट्रैफिक डायवर्जन ( सांकेतिक इमेज)

Bareilly: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर बरेली में 8, 9 और 10 जून को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी। हजारों परीक्षार्थियों की आवाजाही और शहर में संभावित जाम को देखते हुए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी, जबकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए अलग व्यवस्था की गई है।

एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान के अनुसार दिल्ली, रामपुर और मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को झुमका चौराहे से शहर के भीतर प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे वाहनों को महादेव पुल, श्यामतगंज पुल, डेलापीर, विलयधाम और विल्वा पुल के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं दिल्ली, रामपुर और मुरादाबाद से बरेली आने वाले ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को बड़े बाईपास के जरिए ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंचाया जाएगा। बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर और लखनऊ रूट पर भी विशेष डायवर्जन लागू रहेगा। रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़, फरीदपुर और बड़े बाईपास को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस का दावा है कि इस व्यवस्था से शहर के भीतर जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।

छोटे वाहनों पर नहीं लगेगी रोक

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थी दोपहिया वाहन, निजी कार, ऑटो और ई-रिक्शा से अपने परीक्षा केंद्र तक आसानी से पहुंच सकेंगे। बारादरी, प्रेमनगर, इज्जतनगर, सीबीगंज, कोतवाली, किला और हाफिजगंज क्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों तक सामान्य यातायात जारी रहेगा।

बरेली कॉलेज के अभ्यर्थियों के लिए खास इंतजाम

बरेली कॉलेज और बरेली इंटर कॉलेज में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को केवल पश्चिमी गेट से प्रवेश मिलेगा, जबकि मानसिक चिकित्सालय की ओर स्थित पूर्वी गेट परीक्षा के दौरान पूरी तरह बंद रहेगा। एसपी यातायात मो अकमल खान ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। झुमका तिराहा, विल्वा अंडरपास, विलयधाम अंडरपास, इन्वर्टिस तिराहा, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या देरी से बचा जा सके।