# भोपाल

4 महीने की प्रेग्नेंट नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, भोपाल में जनवरी में फैमिली की मर्जी के खिलाफ की थी लव मैरिज

Pregnant Newlywed Suspicious Death: नवविवाहिता के शव के हाथ पर मिला कट का गहरा निशान, पति बोला- फांसी लगाकर आत्महत्या की, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप।

2 min read
pregnant newlywed bharti solanki suspicious death

Bhopal Pregnant Woman Suspicious Death: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक और नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना बैरागढ़ इलाके की है जहां रहने वाले 25 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद उसके परिवारवालों ने पति व ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। नवविवाहिता 4 महीने की प्रेग्नेंट थी और 5 महीने पहले ही उसने परिवार की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी। उसके हाथ पर कट का गहरा निशान मिला है, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

4 महीने की प्रेग्नेंट नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

बैरागढ़ के संजय नगर में रहने वाली 25 वर्षीय नवविवाहिता भारती सोलंकी की शनिवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति विक्की सोलंकी ने पुलिस को बताया है कि भारती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों से ये भी पता चला है कि भारती 4 महीने की प्रेग्नेंट थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है, पुलिस ने रविवार को भारती का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच कर रही है।

5 महीने पहले की थी लव मैरिज

भारती सोलंकी ने 5 महीने पहले जनवरी में बैरागढ़ क्षेत्र के संजय नगर में रहने वाले विक्की सोलंकी के साथ परिवार की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी। परिजनों के मुताबिक शादी से पहले भारती एक ज्वेलरी शॉप पर काम करती थी और वहीं पर उसकी मुलाकात विक्की से हुई, दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। इसके बाद भारती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ विक्की से शादी कर ली थी।

मृतका के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

इधर भारती की मौत के बाद उसके परिवारवालों ने पति विक्की और ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। भारती के भाई जितेन्द्र का आरोप है कि विक्की फोन पर किसी गर्लफ्रेंड से बात करता है और भारती ने शुक्रवार को विक्की को बात करते हुए पकड़ा था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और विक्की ने भारती के साथ मारपीट की थी। ये सारी बात भारती ने ही उसे फोन कर बताई थी, वो भारती के बुलाने पर उसके घर भी गया था, तब भी दोनों के बीच विवाद हो रहा था। मैं बहन का घर नहीं तोड़ना चाहता था इसलिए समझाकर उसे ससुराल में ही छोड़ आया था। जितेन्द्र ने ये भी आरोप लगाया है कि विक्की ने दूसरी महिला से रिलेशन के कारण भारती की हत्या की है।