# बुलंदशहर

Bulandshahr Viral Video: बंदर ले गया 2 लाख रुपये से भरा बैग, पेड़ पर बैठकर उड़ाने लगा 500-500 के नोट

Bulandshahr Viral Video: बुलंदशहर में एक पेड़ के पास 500 रुपये के नोट उड़ते दिखाई दिए, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई और नोट बटोरने की होड़ मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आखिर नोट कहां से आए और इसके पीछे क्या वजह थी, जानिए पूरा मामला।

2 min read
बुलंदशहर में आसमान से बरसे 500 के नोट (फोटो- पत्रिका)

Bulandshahr Viral News:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक अनोखी घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। कचहरी रोड पर स्थित एक स्टाम्प विक्रेता की दुकान के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदर ने एक वकील के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, एक वकील जमीन का बैनामा तैयार कराने के लिए करीब दो लाख रुपये नकद लेकर कचहरी पहुंचे थे। वह स्टाम्प विक्रेता की दुकान पर अपने दस्तावेज तैयार करवा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक बंदर वहां पहुंचा और उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग झपटकर भाग गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, बंदर बैग लेकर पास के एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ चुका था।

हवा में उड़ाए 500 रुपये के नोट

पेड़ की ऊंची टहनी पर बैठकर बंदर ने बैग खोल दिया। बैग में रखे 500-500 रुपये के नोट बाहर निकालकर वह इधर-उधर फेंकने लगा। हवा में उड़ते और नीचे गिरते नोटों को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ लोग नोटों को इकट्ठा करने में जुट गए, जबकि अन्य लोग बंदर को भगाने की कोशिश करने लगे।

पेड़ पर चढ़कर वापस लाया गया बैग

देखते ही देखते कचहरी रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई। पैसों से भरा बैग वापस लाने के लिए एक व्यक्ति पेड़ पर चढ़ गया। उसने काफी देर तक बंदर को भगाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद बंदर बैग छोड़कर वहां से भागा। बैग वापस मिल जाने से वकील ने राहत की सांस ली, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान कुछ नोट गायब हो गए।

कचहरी में बंदरों का भारी आतंक

यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और लोगों के मोबाइल फोन में कैद हो गई। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग बंदर की इस शरारत पर जमकर मजे ले रहे हैं। बुलंदशहर पुलिस को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कचहरी परिसर में बंदरों का भारी आतंक है और वे अक्सर लोगों का जरूरी सामान छीनकर भाग जाते हैं।