IND vs AFG Test: न्यू चंडीगढ़ के पीसीए स्टेडियम में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ 8 विकेट गंवाने के बाद 564 रन बनाकर पहली पारी घोषित कर दी।
India vs Afghanistan: भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ के पीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे इकलौते टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 564 रन पर घोषित कर दी। भारत की पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन की शानदार पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने भी बेहतरीन शतक जड़ा। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम साफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए, जबकि जियाउर रहमान और हशमतुल्लाह शाहिदी को एक-एक सफलता मिली।
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन जायसवाल सिर्फ 24 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन के बीच शानदार शतकीय साझेदारी हुई। हालांकि सुदर्शन अपने शतक से चूक गए और 81 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने केएल राहुल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया, लेकिन वह 100 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल और ऋषभ पंत के बीच बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय टीम का स्कोर 400 रन के पार पहुंचा दिया।
शुभमन गिल खेल के दूसरे दिन 126 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में कई शानदार शॉट लगाए। वहीं ऋषभ पंत भी शतक से चूक गए और 81 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ध्रुव जुरेल ने 19 गेंदों में 20 रन की तेज पारी खेली, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा मानव सुथार 28 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद सिराज ने भी 12 गेंदों में ताबड़तोड़ 22 रन बनाए। 127 ओवर के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने पहली पारी में 564 रन बनाकर मुकाबले में मजबूत पकड़ बना ली है।
आपको बता दें कि भारतीय टीम अगर इस मुकाबले को जीत भी लेती है, तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा और न ही अंक तालिका में टीम इंडिया को फायदा होगा। यह मैच WTC साइकल का हिस्सा नहीं है।