# क्रिकेट

मोहम्मद सलीम ने टीम इंडिया के खिलाफ रचा इतिहास, कप्तान शुभमन गिल समेत इन 5 बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन

IND vs AFG Test 2026: अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम साफी ने भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए पहला फाइव विकेट हॉल पूरा किया।

2 min read
मोहम्मद सलीम ने रचा इतिहास (फोटो- Afghanistan Cricket)

Mohammad Salim Safi 5 Wicket Hall: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे इकलौते टेस्ट मुकाबले में अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम साफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला फाइव विकेट हॉल पूरा कर लिया। साफी ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल समेत पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर इतिहास रच दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट हाल पूरा करने वाले अफगानिस्तान के सिर्फ तीसरे गेंदबाज हैं।

मानव सुथार को आउट कर रचा इतिहास

आपको बता दें कि सलीम साफी ने जैसे ही मानव सुथार को आउट किया, उन्होंने अपना पांचवां विकेट पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का पहला फाइव विकेट हॉल है। साफी ने श्रीलंका के खिलाफ 2024 में टेस्ट डेब्यू किया था और यह उनके करियर का सिर्फ दूसरा टेस्ट मुकाबला है। डेब्यू मैच में वह एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए थे, लेकिन भारतीय टीम के खिलाफ मिले मौके को उन्होंने दोनों हाथों से भुनाया और अब तक पहली पारी में 6 विकेट हासिल कर लिए हैं।

सलीम साफी ने सबसे पहले यशस्वी जायसवाल को आउट किया। इसके बाद उन्होंने साई सुदर्शन को 81 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। फिर उन्होंने कप्तान शुभमन गिल को आउट कर तीसरी सफलता हासिल की। इसके बाद ध्रुव जुरेल और मानव सुथार को आउट कर उन्होंने अपना फाइव विकेट हॉल पूरा किया।

राहुल-शुभमन ने जड़े शतक

मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दूसरे दिन के लंच तक टीम इंडिया ने 119 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 521 रन बना लिए थे। वॉशिंगटन सुंदर 36 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि उनके साथ मोहम्मद सिराज 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

भारतीय टीम की ओर से केएल राहुल ने शानदार 100 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन बनाए। इसके अलावा ऋषभ पंत 81 रन बनाकर आउट हुए, वहीं साई सुदर्शन ने भी 81 रनों की अहम पारी खेली। अफगानिस्तान की ओर से बाकी दो विकेट जिया उर रहमान और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने हासिल किए।

आपको बता दें कि मोहम्मद सलीम साफी अफगानिस्तान की ओर से टेस्ट क्रिकेट में फाइव विकेट हॉल लेने वाले सिर्फ तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में निजात मसूद ने यह कारनामा किया था। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ जिया उर रहमान ने 97 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। अब सलीम साफी ने मुल्लापुर में यह उपलब्धि अपने नाम कर ली है।