Good News : राजस्थान में रसोई गैस उपभोक्ताओं, प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों और किराए पर रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब पेट्रोल पंप पर 5 किलो का ‘छोटू सिलेंडर’ मिलेगा।
Good News : डूंगरपुर के सागवाड़ा में रसोई गैस उपभोक्ताओं, प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों और किराए पर रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब 5 किलो का एफटीएल यानी ‘छोटू सिलेंडर’ पेट्रोल पंपों और रिटेल आउटलेट्स पर भी उपलब्ध होगा। नए निर्देशों के अनुसार सभी रिटेल आउटलेट संचालकों को अपने यहां कम से कम 6-6 छोटू सिलेंडर स्टॉक में रखना अनिवार्य होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उपभोक्ताओं को तुरंत गैस मिल सके। अब तक छोटे सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी जाना पड़ता था, लेकिन नई व्यवस्था के बाद नजदीकी पेट्रोल पंप से ही सिलेंडर खरीदा जा सकेगा।
नई व्यवस्था से खासकर उन लोगों को फायदा होगा जो नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से घर से दूर रहते हैं और रेगुलर घरेलू गैस कनेक्शन नहीं ले पाते। डीलर्स अपने आउटलेट पर छोटू सिलेंडर बेच सकेंगे और जरूरत पड़ने पर नजदीकी गैस एजेंसी से सप्लाई ले सकेंगे। सिलेंडरों को ग्राहकों की नजर में आने के लिए पेट्रोल पंप या सेल्स बिल्डिंग के बाहर सुरक्षित व प्रमुख स्थान पर रखना अनिवार्य किया गया है।
डूंगरपुर के सागवाड़ा गैस सर्विस के संचालक सन्नी बामणिया ने बताया कि 5 किलो के रिफिल की कीमत 862 रुपए तय की गई है। बिना खाली सिलेंडर के नए कनेक्शन की कीमत 1806 रुपए होगी। डीलर्स को प्रति सिलेंडर 40 रुपए का मार्जिन मिलेगा। नए कनेक्शन के लिए लंबी कागजी प्रक्रिया नहीं होगी। ग्राहक को सिर्फ आधार, पैन या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक पहचान पत्र की कॉपी देनी होगी। साथ में नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा। डीलर्स को रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं एक और न्यूज में डूंगरपुर में भंवरी देवी महावीर प्रसाद जैन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंद 30 लोगों को निशुल्क राशन वितरण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री असरार अहमद, वीसा पोरवाड संघ के अध्यक्ष हर्ष मेहता, बीसा नरसिंहपुरा समाज के सेठ पीयूष घाटिया, महावीर इंटरनेशनल के विनोद दोशी, पृथ्वीराज जैन बतौर अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन, भंवरी देवी जैन, सचिव दीपिका जैन, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन, सदस्य शुभम जैन, रोशनी जैन, सेवा प्रकल्प प्रभारी प्राणजीवन शाह, परवरिश घाटिया, हर्ष घाटिया, कुश जैन उदयपुर, विधानाचार्य पंडित पारस जैन पिपली, जैन नवयुवक मंडल डूंगरपुर के अध्यक्ष शैलेश मेहता, महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष विजय सेठ, राजेश डेडू, अविचल कोटडिया, नीरव जैन, रविभाई सेठ, केशु भाई नागदा, पद्येश गांधी, पंकज नवकार, मंजय मेहता, एमएमबी ग्रुप के नूर मोहम्मद मकरानी, डॉ विपिन जैन केसरियाजी वाले, पन्नालाल रूपावत, अश्विनी भोरावत, प्रेम कुमार ठाकुर, शेखर भाई, कमलेश रोत, सोमा भाई, देवशंकर जोशी, गंगाराम आदि उपस्थित थे। समारोह आयोजित कर पिपली के विधानाचार्य पंडित पारस जैन को सेवा कार्य के लिए सम्मानित किया गया। यह जानकारी चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य शुभम जैन ने दी।