Surya Murder Case Update: गाजियाबाद के सूर्या चौहान मर्डर केस का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। जानिए, कपड़ों की दुकान पर काम करने वाला कैसे जुर्म की दुनिया में आ गया और उसके परिवार ने इस पर क्या कहा।
Surya Murder Case Update: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। उसकी मौत के बाद उसके परिवार से जुड़ी कई ऐसी बातें सामने आई हैं, जो चौंकाने वाली हैं। बुलंदशहर के रहने वाले मुख्य आरोपी के चाचा ने बताया कि उनका भतीजा कभी कपड़ों की दुकान पर काम किया करता था, लेकिन गलत दोस्तों के चक्कर में पड़कर उसने अपनी जिंदगी बर्बाद कर ली।
मुख्य आरोपी के सगे चाचा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि भतीजे का पिछले कई सालों से अपने पैतृक गांव से कोई खास वास्ता नहीं रह गया था। वह गांव आता-जाता भी नहीं था। उसका अधिकांश समय गाजियाबाद में ही बीतता था, जिसके चलते परिवार के लोगों का भी उससे संपर्क लगभग खत्म हो चुका था। परिवार में उसकी सौतेली मां, एक बहन और एक शादीशुदा भाई है, जो अलग रहता है।
चाचा ने बताया कि परिजनों ने कुछ समय पहले उसे को सुधरने का मौका देने के लिए एक कपड़ों की दुकान पर काम पर भी लगवाया था, ताकि वह अपनी जिंदगी को सही रास्ते पर ला सके। लेकिन उसकी किस्मत में कुछ और ही लिखा था।
सूर्या हत्याकांड की तफ्तीश के सिलसिले में पुलिस टीम लगातार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी सिलसिले में बीते 29 तारीख को पुलिस ने उसके पैतृक गांव में दबिश भी दी थी। उस वक्त परिजनों ने पुलिस को साफ बता दिया था कि वह लंबे समय से गांव छोड़कर गाजियाबाद में ही रह रहा है और उन्हें उसकी गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
भतीजे की मौत की खबर मिलने के बाद चाचा फौरन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने दुखी मन से साफ कहा कि उसकी संगति बिल्कुल अच्छी नहीं थी। उसे अपने इसी गलत रास्ते और गलत दोस्तो के साथ उठने-बैठने का खौफनाक अंजाम भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जब इंसान के कदम गलत रास्ते पर चले जाते हैं, तो उसका अंत ऐसा ही दर्दनाक और खौफनाक होता है।
इस मुठभेड़ के बाद जहां एक तरफ मुख्य आरोपी के रिश्तेदारों और पैतृक गांव के परिवार में मातम का माहौल पसरा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को लेकर पूरे इलाके में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस अब इस केस से जुड़े अन्य आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।