गाजियाबाद में सूर्या हत्याकांड (Ghaziabad Surya Murder Case) के मुख्य आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर (Encounter in Surya Murder Case) कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद असद और सूर्या के घर के बाहर सन्नाटा छाया है और लोगों में दहशत का माहौल है।
Surya Murder Case News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बकरीद पर 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की खोड़ा थाना क्षेत्र में चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। पुलिस ने रविवार तड़के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड इलाके में यह कार्रवाई की है। आरोपी के एनकाउंटर के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद असद और सूर्या के घर पर सन्नाटा छाया है।
सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घटना के बाद तनाव और खौफ का माहौल है। स्थानीय लोग डर के साए में हैं और कई परिवार अपने घरों में ताला लगाकर सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं। जिस बिल्डिंग में असद रहता था, उसमें कुल करीब 17 फ्लैट हैं।
आरोपी के एनकाउंटर के तुरंत बाद कुल 17 फ्लैट्स में से 12-13 घरों के लोग बाहर चले गए हैं। इन फ्लैट्स में ताला लटक रहा है। कई परिवार डर और तनाव के माहौल में रिश्तेदारों के यहां या दूसरी जगह शिफ्ट हो गए। कुछ लोगों ने एहतियातन घर खाली कर दिए ताकि किसी विवाद या अप्रिय घटना से बचा जा सके। असद के घर के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात है। उसके मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ है और आसपास सन्नाटा पसरा हुआ है।
मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद इलाके में सन्नाटा है। स्थानीय लोग खुलकर कुछ बोलने से बच रहे हैं। पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति या अफवाह को फैलने से रोकने के लिए सतर्क है। सूर्या के घर के बाहर RAF की तैनाती की गई है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पुलिस लगातार गश्त कर रही है। पुलिस का मुख्य फोकस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह के तनाव या अफवाह को नियंत्रित करने पर है।