# हापुड़

‘पहले तो खाता था, अब क्यों नहीं?’, हापुड़ में मीट खाने से मना किया तो दोस्त ने घोंपा चाकू, माहौल तनावपूर्ण

Hapur News: हापुड़ के चितौड़ा गांव में मीट खाने से मना करने पर दोस्त ने युवक पर चाकू से किया जानलेवा हमला। गांव में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात, जानें पूरा मामला...

2 min read
मीट खाने से मना किया तो दोस्त ने सरेआम घोंपा चाकू | फोटो सोर्स- gemini

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के बहादुरगढ़ इलाके के चितौड़ा गांव में एक मामूली सी बात देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गई। महज मीट खाने से मना करने पर एक दोस्त ने अपने ही साथी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दी है।

'पहले तो खाता था, अब क्या हुआ?'… और मार दिया चाकू

चितौड़ा गांव का रहने वाला कपिल शनिवार देर रात गांव के ही कुछ दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। इसी बीच वहां मौजूद एक युवक ने कपिल से मीट खाने को कहा। जब कपिल ने मीट खाने से साफ मना कर दिया तो आरोपी भड़क गया। उसने कपिल से बहस करते हुए कहा कि तू पहले तो मेरे साथ मीट खाता था, अब अचानक ऐसा क्या हो गया जो मना कर रहा है? इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि बात गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई।

लोगों ने बीच-बचाव कर बचाई जान, अस्पताल में भर्ती

वहां मौजूद लोगों के अनुसार, बहस के दौरान ही आरोपी ने चाकू निकाला और कपिल पर हमला कर दिया। चाकू लगते ही कपिल खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर कपिल को हमलावर से छुड़ाया। ग्रामीण तुरंत घायल कपिल को पास के अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।

गांव में पुलिस का कड़ा पहरा, अफवाहों से बचने की अपील

घटना की जानकारी मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में दो पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

एसपी ने कहा, 'होगी सख्त कार्रवाई, शांति बनाए रखें'

पुलिस ने बताया कि पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है, जिसके मद्देनजर गांव में सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।