James Handy Death: 'जुमांजी' दिग्गज अभिनेता जेम्स हैंडी की कैलिफोर्निया में उनके घर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। उनकी गर्लफ्रेंड के 44 साल के बेटे माइकल ग्लेडहिल ने सीने पर चाकू गोदकर इस वारदात को अंजाम दिया है और खुद पुलिस को फोन कर जुर्म कबूला है।
Hollywood actor James Handy murdered California: हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दिल दहला देने वाली और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। फिल्म 'जुमांजी' और 'टॉप गन: मैवेरिक' जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी का लोहा मनवा चुके दिग्गज अमेरिकी अभिनेता जेम्स हैंडी की कैलिफोर्निया स्थित उनके घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई है। 81 साल के वेटरन अभिनेता की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उनकी खुद की गर्लफ्रेंड के 44 साल के बेटे ने की है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे हॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई इस खबर से हैरान हो रहा है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह दर्दनाक घटना बीते बुधवार को कैलिफोर्निया के टारजाना इलाके में स्थित जेम्स हैंडी के घर पर हुई है। लॉस एंजिल्स पुलिस डिपार्टमेंट (LAPD) को इमरजेंसी नंबर 911 पर एक बेहद चौंकाने वाली कॉल आई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फोन करने वाले हत्यारे ने डिस्पैचर से बेहद ठंडे दिमाग से कहा, "मैं मर्द का बच्चा हूं, मैंने उस पापी इंसान को मार डाला है।"
इस कॉल के तुरंत बाद जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद डरावना था। पुलिस ने जेम्स हैंडी को उनके घर के सामने वाले हिस्से यानी कैंपस में लहूलुहान और बेहोश हालत में पाया। बुजुर्ग अभिनेता के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए गए थे। उन्हें फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस मर्डर को अंजाम देने वाला शख्स 44 साल का माइकल ग्लेडहिल है, जो जेम्स हैंडी की गर्लफ्रेंड का बेटा है। कत्ल करने के बाद माइकल ने खुद पुलिस को फोन करके इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस को घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी मिले हैं, जिसमें आरोपी हत्या के बाद घर के आसपास बेहद बेफिक्र होकर घूमता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय वह अपनी मां के ही घर पर रुका हुआ था।
लॉस एंजिल्स पुलिस ने आरोपी माइकल ग्लेडहिल को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट ने उसकी जमानत राशि 20 लाख डॉलर (करीब 16 करोड़ रुपये से ज्यादा) तय की है। साथ ही, आरोपी ने इस दिग्गज अभिनेता की हत्या क्यों की? इसके पीछे के मुख्य कारण का खुलासा पुलिस ने अभी तक नहीं किया है और मामले की जांच जारी है।
जेम्स हैंडी हॉलीवुड के एक बेहद सम्मानित और जाने-माने अभिनेता थे। अपने लंबे फिल्मी करियर में उन्होंने लगभग 150 से अधिक फिल्मों में काम किया था। फिल्मों के अलावा उन्होंने अमेरिकी टेलीविजन जगत में भी बड़ा नाम कमाया था। वह 'द एक्स-फाइल्स' (The X-Files), 'एनवाईपीडी ब्लू' (NYPD Blue) और 'सीनफेल्ड' (Seinfeld) जैसे दुनिया भर में लोकप्रिय और सुपरहिट रहे टीवी शोज का अहम हिस्सा रहे थे। उनके निधन पर सिनेमा जगत के तमाम सितारों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।