Wife Found Dead: पत्नी की हत्या करने के बाद फरार पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, घर में डरा सहमा मिला 8 वर्षीय बेटा।
Jabalpur Husband Suicide: मध्यप्रदेश के जबलपुर में पत्नी की हत्या कर फरार हुए पति का शव शनिवार को घर से करीब 6 किमी दूर जीसीएफ के खाली क्वार्टर में फांसी पर लटका मिला है। इससे पहले शुक्रवार की रात को घर से महिला की दो से तीन दिन पुरानी लाश मिली थी। महिला की लाश मिलने के बाद से ही पति फरार था, जिस घर में महिला की लाश मिली थी उस घर में महिला का 8 साल का बेटा भी डरा-सहमा मिला था। जिसने पूछताछ में बताया है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक घर से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा बाहर से बंद था। ताला तोड़कर पुलिस अंदर घर के किचन में महिला की लाश मिली। महिला की लाश दो-तीन दिन पुरानी थी। महिला की पहचान नेहा सिंह के तौर पर हुई। नेहा के गले में दुपट्टे का फंदा था और दूसरा सिरा पंखे से बंधा हुआ था। घर में नेहा का 8 साल का बेटा भी डरी-सहमी अवस्था में मिला। नेहा का पति मयंक फरार था जिससे पुलिस को उस पर ही हत्या का शक था।
पुलिस फरार पति मयंक की तलाश कर रही थी इसी बीच शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि जीसीएफ के खाली पड़े क्वार्टर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान मयंक सिंह के तौर पर हुई है जो कि नेहा का पति था और नेहा की लाश मिलने से पहले से गायब था।
मयंक और नेहा ने करीब दो साल पहले शादी की थी। नेहा की ये दूसरी शादी थी, उसके पहले पति की निधन हो चुका है, पहले पति से नेहा को एक 8 साल का बेटा है जो कि उसके साथ ही रहता था। बेटे ने बताया कि मम्मी-पापा के बीच अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला जांच में ले लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि नेहा की मौत के बाद से उसका पति मयंक फरार था, आज शनिवार को उसका शव मिला है। बेटे ने पूछताछ में दोनों के बीच विवाद होने की बात बताई है। विवाद की वजह नेहा का एक स्पा सेंटर में काम करना सामने आ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।