सहकारी परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में भारत टैक्सी का ट्रायल जयपुर में शुरू हो गया। सहकारिता राज्यमंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि शहर में अब तक करीब 13 हजार सारथी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं।
Bharat Taxi In Jaipur: जयपुर: राजधानी जयपुर में सहकारी परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए भारत टैक्सी का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। गुरुवार से शुरू हुई इस सेवा के जरिए शहर के लोग अब बाइक टैक्सी, ऑटो रिक्शा और कैब की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। सरकार और कंपनी का दावा है कि यह सेवा यात्रियों को कम किराए में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगी।
सहकारिता राज्यमंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि जयपुर में अब तक करीब 13 हजार सारथी (ड्राइवर) इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। बड़ी संख्या में ड्राइवरों के जुड़ने से शहर में लोगों को आसानी से वाहन उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल सहकारी मॉडल पर आधारित है, जिससे चालक और यात्री दोनों को फायदा होगा।
मंत्री दक के अनुसार, भारत टैक्सी एप के माध्यम से यात्रियों को कई सुविधाएं मिलेंगी। इसमें सुलभ और तय किराया, पीक आवर्स में भी शून्य सर्ज प्राइसिंग, एसओएस आपातकालीन सुविधा, स्थानीय और भरोसेमंद चालक तथा बेहतर ग्राहक सहायता शामिल हैं। आमतौर पर व्यस्त समय में कई टैक्सी प्लेटफॉर्म किराया बढ़ा देते हैं, लेकिन भारत टैक्सी ने ऐसा नहीं करने का दावा किया है।
रोजाना यात्रा करने वालों को राहत
कंपनी का कहना है कि उसकी सेवाएं अन्य टैक्सी प्लेटफॉर्म्स की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत तक सस्ती होंगी। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिल सकती है। कंपनी खुद को देश का सबसे बड़ा सहकारी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म भी बता रही है।
भारत टैक्सी के जयपुर में शुरू होने के साथ ही यह शहर देश के उन प्रमुख शहरों की सूची में शामिल हो गया है, जहां यह सेवा पहले से संचालित हो रही है। इनमें दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, चंडीगढ़ और लखनऊ जैसे क्षेत्र शामिल हैं। अब जयपुर भी इस बढ़ते सहकारी परिवहन नेटवर्क का हिस्सा बन गया है।
सरकार का मानना है कि 'सहकार से समृद्धि' की भावना पर आधारित यह मॉडल परिवहन क्षेत्र में नया विकल्प प्रदान करेगा। इससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी, जबकि ड्राइवरों को भी रोजगार और आय के नए अवसर प्राप्त होंगे। आने वाले समय में इस सेवा के विस्तार की भी संभावना जताई जा रही है।