# जयपुर

Rajasthan Monsoon : 20 जून से पहले राजस्थान पहुंच सकता है मानसून, 8 जून से एक बार फिर बदलेगा मौसम

Rajasthan Monsoon : मानसून ने 4 जून को केरल में दस्तक दी थी। इस आधार पर बताया जा रहा है कि राजस्थान में 20 जून से पहले मानसून पहुंच सकता है। साथ ही 8 जून से प्रदेश का मौसम भी बदल जाएगा।

2 min read
Rajasthan Monsoon : अजमेर का दृश्य। फाइल फोटो - ANI

Rajasthan Monsoon : देश के दक्षिण पश्चिम मानसून ने 2 दिन में रफ्तार पकड़ ली है। तीन दिन के भीतर मानसून सात राज्यों तक पहुंच चुका है। हवाओं की गति अनुकूल है। इसके 20 जून तक राजस्थान पहुंचने की उम्मीद है। मानसून ने 4 जून को केरल में दस्तक दी थी। राजस्थान में मौसम फिलहाल राहत देने के मूड में है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र (सर्कुलेशन सिस्टम) के प्रभाव से आगामी दो से तीन दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि 8 जून के बाद इन गतिविधियों में कमी आएगी और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने लगेगी। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में रविवार को भी 12 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में प्री मानसून गतिविधियों के असर से अजमेर, अलवर, बीकानेर सहित कई शहरों में शनिवार को बारिश हुई। इससे पहले तेज धूलभरी आंधी ने दिनभर की तपिश से राहत दी।

शनिवार को सर्वाधिक वर्षा वनस्थली में दर्ज

बारिश की बात करें तो शनिवार को सर्वाधिक वर्षा वनस्थली में 65 मिमी दर्ज की गई। अलवर में 22.2 मिमी और बीकानेर में 14.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। भीलवाड़ा में 2 मिमी, टोंक में 2.1 मिमी तथा पिलानी में ट्रेस वर्षा दर्ज हुई। जयपुर सहित अधिकांश जिलों में बारिश नहीं हुई, लेकिन बादलों की आवाजाही और हवाओं के कारण तापमान नियंत्रित रहा।

जयपुर का आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना

मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है। इससे दिन में गर्मी तो महसूस हुई, लेकिन रातें अपेक्षाकृत राहतभरी बनी हुई हैं।

जयपुर में आज रविवार सुबह 7 बजे तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आज जयपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी फिर पकड़ सकती है जोर

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में अगले 3 दिन मेघगर्जन, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं 8 जून से मौसम साफ होने के साथ पश्चिमी राजस्थान में गर्मी फिर जोर पकड़ सकती है। सीमावर्ती जिलों बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में 8 से 11 जून के बीच अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंचने और कुछ क्षेत्रों में हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है।