# खंडवा

श्री दादाजी मंदिर निर्माण के लिए खंडवा सांसद, कलेक्टर ने 10 खदानों में देखा मॉर्बल, आज करेंगे फाइनल

-मकराना पहुंचे सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, कलेक्टर ऋषव गुप्ता और निर्माण समिति सदस्य -1.5 लाख घन फीट मॉर्बल खदान से नक्काशी कर आएगा खंडवा, राजस्थान के कारीगर करेंगे फिटिंग

2 min read
खंडवा. मकराना में मॉर्बल देखते सांसद, कलेक्टर व निर्माण समिति सदस्य।

श्री दादाजी धाम में नव मंदिर निर्माण के लिए शनिवार को निर्माण समिति ने दस से अधिक स्थानों पर मॉर्बल की उपलब्धता, क्वालिटी और दाम की जानकारी ली। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, कलेक्टर ऋषव गुप्ता आर्किटेक्ट और निर्माण समिति सदस्यों सहित शनिवार को राजस्थान के मकराना पहुंचे।

आर्किटेक्ट ने समझाया मॉर्बल के बारे में

श्री दादाजी धाम मंदिर निर्माण समिति ने मॉर्बल की दस खदानों में जानकारी ली है, जिसमें से 3 वेंडर को आज फाइनल किया जाएगा। टीम द्वारा एक-एक खदान में जाकर मकराना डेढ़ नंबर मॉर्बल की उपलब्धता और क्वालिटी देखी गई। टीम में आर्किटेक्ट वीरेंद्र त्रिवेदी, नितिन सिंगला, नितिन श्रीमाली, जितेंद्र त्रिवेदी ने फिनिशिंग मॉर्बल, लाइनिंग मॉर्बल, व्हाईटेश मॉर्बल के बारे में समिति सदस्यों को विस्तार से समझाया।

तीन वेंडर करेंगे फाइनल

समिति द्वारा रविवार को तीन वेंडर फाइनल किए जाएंगे। इसका कारण एक वेंडर एक माह में एक हजार से 1500 घनफीट ही मॉर्बल उपलब्ध करा पा रहा है। मॉर्बल की कमी से काम न रुके इसके लिए तीन वेंडरों से मॉर्बल लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मंदिर निर्माण में करीब 1.50 लाख घन फीट मॉर्बल का उपयोग होना है।

पहले और अब के दाम में भारी अंतर

इसके पूर्व लगभग तीन माह पहले समिति सदस्यों ने मकराना में मॉर्बल देखा था। तब के दाम और अब के दाम में लगभग आधे से ज्यादा का अंतर मिला है। समिति द्वारा रविवार को दाम के आधार पर वेंडर तय किए जाएंगे। इसके साथ ही मॉर्बल फिटिंग के लिए भी राजस्थान के कारीगर ही खंडवा बुलाए जाएंगे। कारीगरों के लिए भी रविवार को फाइनल बात की जाएगी।

ये रहे मकराना में मौजूद

मॉर्बल देखने के दौरान सांसद और कलेक्टर के साथ धर्मेंद्र बजाज, मुकेश तनवे, एसडीएम बजरंग बहादुर, तपन डोंगरे, राकेश बंसल, सतीश कोटवाले, मदन भाऊ, भरत झंवर, अखिलेश गुप्ता, गणेश कनाडे, हिंमाशु अग्रवाल, राजू पाटिल, भरत पटेल, प्रतीक गुप्ता भी मौजूद रहे।