Surya Murder: गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या की मौत (Surya Death) के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ( Deputy CM Keshav Prasad Maurya) ने सूर्या हत्याकांड मामले (Surya Murder Case) पर बड़ा बयान दिया है। डिप्टी सीएम के अलावा कई नेता-मंत्रियों ने भी इस वारदात पर प्रतिक्रिया दी है।
Surya Chauhan Murder Case: गाजियाबाद में खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में बकरीद के दिन 11वीं के छात्र सूर्या चौहान (Surya Chauhan) की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पोस्टमॉर्टम के बाद शनिवार को सूर्या का शव उसके घर पहुंचा है। इस मामले पर राजनीतिक गलियारे में जोर शोर से चर्चा हो रही है। दूसरी तरफ हिंदू संगठन के लोग मृतक के समर्थन में खड़े हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
गाजियाबाद में सूर्या चौहान हत्याकांड पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। डिप्टी सीएम ने कहा- हत्यारा कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हत्या जहां भी हो, उसे खोज निकाला जाएगा। हत्या करने वालों को फांसी पर चढ़ाने के लिए जो कानूनी कार्रवाई होती है, वो की जाएगी। सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है। जिन लोगों ने ऐसा अपराध किया है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
सूर्या हत्याकांड पर यूपी के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि घटना की जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने आगे कहा- निश्चित रूप से, इस घटना के पीछे जो भी है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। योगी सरकार को राज्य में कानून-व्यवस्था वाली सरकार माना जाता है। सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से काम करती है।
मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने चंदौली में समाजवादी पार्टी की नेता पर उनके घर में कथित हमले की घटना पर भी प्रतिक्रिया दी है। दानिश ने कहा- पूरे देश ने सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो देखा है। जिसमें दिखाया गया कि कैसे एक समाजवादी पार्टी के नेता ने अपनी ही पार्टी की सदस्य पर हमला किया। इससे महिलाओं के प्रति पार्टी का असली चरित्र और मानसिकता सामने आती है। न तो पार्टी ने इस घटना पर कोई कार्रवाई की और न ही कोई बयान जारी किया। इससे साफ पता चलता है कि पार्टी के अंदरूनी कलह के संकेत मिलने लगे हैं। इससे पता चलता है कि समाजवादी पार्टी महिला विरोधी है।
गाजियाबाद में बकरीद के दिन सूर्या अपने पड़ोसी दोस्तों विक्की और आयुष के साथ घर के पास घूम रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने फोन कर उसे गली नंबर दो के पास बुलाया। सूर्या अपने दोस्तों के साथ आरोपी से मिलने पहुंचा। विक्की के अनुसार, आरोपी अपने साथियों के साथ केले के गोदाम के पास खड़ा था। आरोपी ने सूर्या से पूछा कि क्या उसने कभी बकरा हलाल होते देखा है? सूर्या ने मना कर दिया और वापस जाने लगा।
इसके बाद आरोपियों ने सूर्या के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सूर्या ने विरोध किया तो आरोपी और उसके साथियों ने चाकू से हमला कर दिया। सूर्या ने शोर मचाया और आरोपी को धक्का देकर भागने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने सूर्या के पेट में चाकू मार दिया। आरोपियों ने सूर्या का पीछा किया और कई बार चाकू से वार किए। सूर्या पेट में चाकू लगने के बाद करीब 200 मीटर तक भागा। दोस्तों के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। सूर्या घायल अवस्था में भागते-भागते गली नंबर एक और दो के बीच में बेसुध होकर गिर पड़ा। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
DCP धवल जायसवाल ने कहा- 28 मई को एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया था। उसे इलाज के लिए ले जाया गया था, जहां कल इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई है। इस मामले में नामजद 5 आरोपियों में से 3 की गिरफ्तारी हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मुख्य आरोपी की उम्र आधार कार्ड के अनुसार 18 वर्ष से कम है।