# मेरठ

‘बेटे ने पहले ही जता दी थी हत्या की आशंका’, पति सौरभ को मारकर नीले ड्रम में भरने वाली मुस्कान और साहिल केस में नया अपडेट

Muskan Sahil Blue Drum Case Update: पति सौरभ को मारकर नीले ड्रम में भरने वाली मुस्कान और साहिल केस में नया अपडेट समाने आया है। सौरभ हत्याकांड में तीसरे दौर की अंतिम बहस पूरी हो चुकी है।

2 min read
नीले ड्रम हत्याकांड में नया अपडेट। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Muskan Sahil Blue Drum Case Update: मेरठके चर्चित नीले ड्रम वाले सौरभ हत्याकांड में बृहस्पतिवार को जिला न्यायालय में अंतिम बहस के तीसरे चरण की सुनवाई हुई। इस दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत के समक्ष मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों और गवाहों के बयानों को विस्तार से रखा।

अभियोजन पक्ष ने जोड़ी घटनाक्रम की कड़ियां

जिला जज अरविंद मिश्रा की अदालत में जिला शासकीय अधिवक्ता ने अभियोजन की ओर से पक्ष रखा। उन्होंने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों की गवाही का हवाला देते हुए हत्या से जुड़े घटनाक्रम को क्रमवार तरीके से अदालत के सामने प्रस्तुत किया और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने का प्रयास किया।

मां रेणू के बयान का किया उल्लेख

बहस के दौरान अभियोजन पक्ष ने सौरभ की मां रेणू के बयान का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, सौरभ ने पहले ही उन्हें आशंका जताई थी कि उसकी पत्नी मुस्कान और साहिल शुक्ला के बीच संबंध हैं। सौरभ ने यह भी कहा था कि दोनों से उसे खतरा है और वे उसकी हत्या कर सकते हैं।

दोस्त की गवाही बनी अहम कड़ी

अदालत में सौरभ के दोस्त सौरभ कुमार के बयान को भी प्रमुखता से रखा गया। गवाह ने बताया था कि वह सौरभ का करीबी मित्र है और हत्या वाली रात उसने साहिल शुक्ला को सौरभ और मुस्कान के घर जाते हुए देखा था। बाद में उसे सौरभ की हत्या की जानकारी मिली थी।

गवाहों के बयानों पर टिका अभियोजन का पक्ष

अभियोजन पक्ष ने दावा किया कि गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्य इस मामले की कड़ियों को जोड़ते हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर अदालत के समक्ष आरोपियों के खिलाफ मजबूत मामला पेश किया गया।

शुक्रवार को होगी चौथे चरण की अंतिम बहस

मामले की सुनवाई अब अंतिम बहस के चौथे चरण में प्रवेश करेगी। अदालत में शुक्रवार को अगली सुनवाई के दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलों पर आगे चर्चा होगी। इसके बाद मामले में निर्णय की प्रक्रिया और तेज होने की संभावना है।

जेल में काउंसलिंग के बाद बदला दोनों का व्यवहार

हाल ही में दोनों आरोपियों की जेल में काउंसलिंग कराई गई। जेल अधीक्षक डॉ. वीरेशराज शर्मा के मुताबिक, इसके बाद उनके व्यवहार में बदलाव देखा गया है। बताया जा रहा है कि मुस्कान इन दिनों पूजा-पाठ में ज्यादा समय बिता रही है। कोर्ट पेशी की जानकारी मिलने के बाद उसने धार्मिक गतिविधियां बढ़ा दी थीं और उपवास भी रखा।