# नरसिंहपुर

सडक़ से हटवाईं 67 अस्थाई दुकानें, स्थायी अतिक्रमण की अनदेखी, दलबल से कार्रवाई, प्रभावितों को दिया नया स्थल

कार्रवाई के साथ ही यह सवाल भी उठने लगे हैं कि शहर की प्रमुख सडक़ों पर वर्षों से फैले स्थायी अतिक्रमणों पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा

2 min read
दुकानें हटवाते हुए निकाय के अधिकारी-कर्मचारी।

operation encroachments नरसिंहपुर. शहर में लंबे समय से स्थायी-अस्थाई अतिक्रमण से प्रभावित मुख्य सडक़ों पर आवागमन जोखिम भरा बना है। शनिवार को नगर पालिका ने पुलिस बल के साथ नगर पालिका चौराहा से सुभाष पार्क तक सडक़ किनारे लगने वाली करीब 67 अस्थायी दुकानों को हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान फल, सब्जी और अन्य सामग्री बेचने वाले कई फुटपाथी विक्रेताओं को निर्धारित वैकल्पिक स्थल पर स्थानांतरित होने के निर्देश दिए गए। हालांकि कार्रवाई के साथ ही यह सवाल भी उठने लगे हैं कि शहर की प्रमुख सडक़ों पर वर्षों से फैले स्थायी अतिक्रमणों पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा।
शहर में सडक़ किनारे दुकानें लगने से हर दिन यातायात प्रभावित होता है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिससे सडक़ों और फुटपाथों को खाली कराने निकाय ने कार्रवाई शुरू की है। प्रभावित दुकानदारों को नगर पालिका के सामने चिन्हित स्थान पर व्यवसाय करने का विकल्प भी दिया गया है। लेकिन शहरवासियों का कहना है कि यातायात अव्यवस्था का कारण केवल अस्थायी दुकानें नहीं हैं। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर स्थायी प्रतिष्ठानों के सामने बने चबूतरे,सीढिय़ां, शेड, साइन बोर्ड और सडक़ तक फैला सामान लंबे समय से आवागमन में बाधा बने हुए हैं। कई स्थानों पर फुटपाथ पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं और पैदल चलने वालों को सडक़ पर चलना पड़ता है। निकाय को ऐसे स्थानों पर भी इसी तरह सख्ती से कार्रवाई करना चाहिए। लेकिन कुछ विशेष स्थानों पर ही प्रशासन की सक्रियता दिखती है।

निकाय के सामने तय स्थान पर सामान लेकर पहुंचे व्यापारी।


सडक़ की चौड़ाई हो रही कम, फैल रहा अतिक्रमण
सुभाष पार्क से मुशरान पार्क चौराहा तक का मुख्य मार्ग तथा सुनका चौराहा से सुभाष पार्क तक बाहरी रोड ऐसे क्षेत्र हैं, जहां सडक़ की उपयोगी चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है। लोगों का कहना है कि इन क्षेत्रों में स्थायी-अस्थाई अतिक्रमण खुलेआम दिखाई देते हैं, लेकिन कार्रवाई मुख्य रूप से छोटे और अस्थायी व्यापारियों तक ही सीमित रहती है। यदि प्रशासन वास्तव में शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना चाहता है तो कार्रवाई सभी प्रकार के अतिक्रमणों पर समान रूप से होनी चाहिए। केवल फुटपाथी दुकानदारों को हटाने से न तो यातायात समस्या का समाधान होगा और न ही शहर की सडक़ों पर दबाव कम होगा।
कहां हैं सबसे ज्यादा प्रभावित होता है यातायात
सुभाष पार्क से मुशरान पार्क चौराहा मार्ग
सुनका चौराहा से सुभाष पार्क तक बाहरी रोड
दुकानों के सामने बने स्थायी चबूतरे
फुटपाथों पर बनी सीढिय़ां और शेड
सडक़ तक फैला व्यापारिक सामान
मार्ग पर रखे साइन बोर्ड व अन्य सामग्री
निकाय से लोगों की उम्मीद
स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण पर समान हो कार्रवाई
फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए
छोटे व्यापारियों के लिए व्यवस्थित बाजार विकसित हो
यातायात प्रभावित करने वाले निर्माण हटाए जाएं
कार्रवाई पूरे शहर में एक समान रूप से लागू हो
वर्जन
इस तरह की आगे भी कार्रवाई होगी, मुख्य रोड, बाहरी रोड के स्थायी-अस्थाई अतिक्रमण भी जल्द हटेंगे। निकाय का प्रयास है कि छोटे व्यापारियों को सडक़ से हटाएं तो उन्हें वैकल्पिक स्थान दिया जाए, इसके लिए निकाय के सामने ही जगह तय की गई है। व्यापारियों को भी सहयोग करने कहा जा रहा है।
नीलम चौहान, सीएमओ नगरपालिका नरसिंहपुर