Om Birla at Viksit Bharat event: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने युवाओं और उद्यमियों से जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बनने का आह्वान किया। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को जनभागीदारी, नवाचार, उद्यमशीलता और तकनीक आधारित विकास से हासिल करने पर जोर दिया
Lok Sabha Speaker Om Birla: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी, नवाचार, उद्यमशीलता और सामूहिक संकल्प से ही हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं और उद्यमियों से देश की विकास यात्रा का नेतृत्व करने तथा जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बनने का आह्वान किया। नई दिल्ली में माहेश्वरी समाज और विकसित भारत 2047 विषयक राष्ट्रीय सम्मेलन में ओम बिरला ने कहा कि उद्यमशीलता और राष्ट्र निर्माण को साथ-साथ आगे बढ़ाना होगा, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। लोकसभा अध्यक्ष ने समावेशी विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और सक्रिय जनभागीदारी को विकसित राष्ट्र की बुनियाद बताते हुए युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला दौर ज्ञान और तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था का होगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने माहेश्वरी समाज को देश के आर्थिक और सामाजिक विकास की महत्वपूर्ण शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि समाज ने सेवाभाव, नैतिक व्यावसायिक मूल्यों और परोपकार की परंपरा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, जनसेवा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में समाज की संस्थाओं की भूमिका सराहनीय रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आगे कहा कि समाज ने उद्यमशीलता के जरिए रोजगार के अवसर पैदा कर स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत किया है। बिरला ने उद्योगपति आनंद राठी और न्यायाधीश जे.के. माहेश्वरी के योगदान की भी प्रशंसा की।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में विधायिकाओं और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर चर्चा के लिए सोमवार से चंडीगढ़ में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र जोन-II का द्वितीय सम्मेलन शुरू होगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। हरियाणा विधानसभा में आयोजित सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के पीठासीन अधिकारी, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। उद्घाटन सत्र में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण और संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा भी संबोधित करेंगे। सम्मेलन में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।