# TV न्यूज

करोड़ों की सल्तनत, सरोगेसी से बनीं मां, 48 की उम्र में हैं कुंवारी, जानिए टीवी क्वीन एकता कपूर की कहानी

Happy Birthday Ekta Kapoor: एकता कपूर ने सिर्फ 19 साल की उम्र में इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत करते हुए एक बड़ा और साहसिक कदम उठाया। उस समय जब कई लोग अपनी पहचान बनाने में संघर्ष कर रहे थे।

2 min read
Ekta Kapoor (this photo from x:@PenMovies)

Happy Birthday Ekta Kapoor: बॉलीवुड और टेलीविजन की दुनिया में एकता कपूर का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। जितेंद्र जैसे दिग्गज एक्टर की बेटी होने के बावजूद एकता ने अपनी पहचान खुद बनाई और आज वो भारतीय मनोरंजन जगत की सबसे पावरफूल हस्तियों में से एक हैं।

भारतीय टेलीविजन पर अपना राज स्थापित किया

7 जून 1975 को मुंबई में जन्मीं एकता कपूर ने केवल 17 साल की उम्र में विज्ञापन निर्माता कैलाश सुरेंद्रनाथ के यहां बतौर इंटर्न काम करना शुरू किया। 2 साल बाद उनके पिता जितेंद्र ने 'बालाजी टेलीफिल्म्स' की नींव रखी और पहला धारावाहिक 'हम पांच' बनाया। ये जी टीवी पर प्रसारित हुआ और उस दौर का सुपरहिट शो बना।

सीरियल 'हम पांच' के बाद एकता ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी', 'कहानी घर घर की', 'कसौटी जिंदगी की', 'कहीं किसी रोज' एक के बाद एक सुपरहिट धारावाहिक देते हुए उन्होंने भारतीय टेलीविजन पर अपना राज स्थापित किया। साथ ही, साल 2000 से 2008 के बीच कई चैनलों पर एक साथ उनके कई शो चलते थे। इसी दौर में उन्हें 'डेली सोप क्वीन' का खिताब मिला।

एकता कपूर ज्योतिष में गहरा विश्वास रखती हैं

एकता कपूर ज्योतिष में गहरा विश्वास रखती हैं। मां बालाजी और दुर्गा मां की भक्त एकता अपने हर प्रोजेक्ट में आस्था को अहमियत देती हैं। उनकी प्रोडक्शन कंपनी का नाम 'बालाजी' भी इसी भक्ति की निशानी है। बता दें, टेलीविजन के बाद एकता ने 'ऑल्ट बालाजी' के जरिए डिजिटल दुनिया में भी कदम रखा। फिल्मों और रियलिटी शो में भी उनका निवेश जारी रहा। अब उनकी अनुमानित नेटवर्थ 95 से 100 करोड़ रुपये है और हर महीने 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई बताई जाती है।

48 साल की एकता अविवाहित हैं लेकिन सेरोगेसी के जरिए एक बेटे की मां बन चुकी हैं। उनकी ये पहचान उन्हें और भी प्रेरणादायक बनाती है।