
सेमी फाइनल मैच रहा रोमांचक, खिलाडिय़ों ने दिखाई कलात्मक हॉकी
नेहरू स्र्पोटिंग क्लब व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित 51 वीं स्वर्गीय नारायणसिंह मेमोरियल ऑल इंडिया गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 17 जनवरी शनिवार को सुबह 10.30 बजे से बीएसएफ जालंधर व साउथ इस्टर्न रेल्वे कोलकाता के मध्य खेला जाएगा। शुक्रवार को खेल गए सेमी फाइलन में साउथ इस्टर्न रेल्वे कोलकाता ने कैनरा बैंक बैंगलुरू को 3-1 गोल से पराजित किया। दूसरे मैच में बीएसएफ जालंधर ने पैनाल्टी शूट आउट में सदर्न कमाडेंट बैंगलुरू को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों ही मैच काफी रोमांचक हुआ और खिलाडिय़ों ने तेज व कलात्मक हॉकी दिखाई। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।
बता दें कि टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 1 बजे से साउथ इस्टर्न रेल्वे कोलकाता ने कैनरा बैंक बैंगलुरू के मध्य खेला गया। इसमें कोलकाता की टीम शुरू से ही हावी रही और बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-1 गोल से विजयी हुई। वहीं दूसरा मैच बीएसएफ जालंधर व सदर्न कमाडेंट बैंगलुरू के बीच हुआ। जिसमें खेल शुरू होते ही बैंगलुरू के खिलाड़ी ने गोल कर टीम को 1 गोल से बढ़त दिलाई। वहीं पहले ही हॉफ में जालंधर ने भी गोल कर 1-1 गोल से बराबरी कर दी। दूसरा गोल दूसरे हॉफ का खेल शुरू होते ही बैंगलुरू ने गोल कर फिर बढ़त बना ली। मध्यांतर तक बैंगलुरू 2-1 से बढ़त में थी। लेकिन मध्यांतर के बाद जालंधर ने गोल कर मैच 2-2 गोल से बराबरी पर ला दिया। चौथे हॉफ में बैंगलुरू ने गोल कर 3-2 से बढ़त बनाई, लेकिन खेल समाप्ति के अंतिम 1 मिनट में जालंधर के खिलाड़ी ने शानदार मैदानी गोल कर 3-3 गोल की बराबरी पर ला दिया। इस तरह निर्धारित समय तक दोनों टीम 3-3 गोल की बराबरी पर रही। जिससे पैनाल्टी शूट आउट से हार-जीत का फैसला किया गया। इसमें जालंधर टीम विजयी होकर फाइनल में पहुंची। ये मैच काफी रोमांचक हुआ और दर्शकों ने पूरे खेल का भरपूर आनंद उठाया।
क्लब के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी ने बताया कि ऑल इंडिया स्वर्ण कप हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल व समापन शनिवार को किया जाएगा। फाइनल मैच सुबह 10.30 बजे से जालंधर व कोलकाता के बीच खेला जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री गौरीशंकर बिसेन, अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे, विशिष्ट अतिथि पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग सदस्य मौसम हरिनखेड़े, नपाध्यक्ष भारती ठाकुर, फिरोज अंसारी सहित अन्य उपस्थित रहेेंगे। खेल प्रेमी दर्शकों से अधिकाधिक उपस्थिति की अपील की गई है।
Published on:
17 Jan 2026 03:36 pm
