6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली, Jun 06, 2026

बरेली से मथुरा जाने वालों को झटका; देवचरा-कछला में बन रहे 2 नए टोल, महंगा होगा सफर, गंगा एक्सप्रेस-वे पर भी देना होगा चार्ज

Bareilly News: बरेली से मथुरा, बदायूं और गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। अगले साल से इस रूट पर यात्रा महंगी होने जा रही है।

highway up news

देवचरा-कछला में बन रहे दो नए टोल

Bareilly News:बरेली से मथुरा, बदायूं और गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है। अगले साल से इस रूट पर यात्रा महंगी होने जा रही है। बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे पर देवचरा और बदायूं के कछला में नए टोल प्लाजा बनाए जा रहे हैं। इनके चालू होते ही वाहन चालकों को दो स्थानों पर टोल टैक्स देना होगा, जिससे आम यात्रियों, व्यापारियों और रोजाना अप-डाउन करने वाले लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

करीब 228 किलोमीटर लंबे बरेली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। लगभग 7,700 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना को तीन चरणों में बांटा गया है। मथुरा से कासगंज तक का हिस्सा पहले ही तैयार हो चुका है, जबकि कासगंज से बदायूं के बीच 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। अब बदायूं से बरेली तक के अंतिम चरण में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य तेजी से जारी है।

इसी अंतिम चरण के तहत बरेली के देवचरा और बदायूं के कछला क्षेत्र में टोल प्लाजा के लिए स्थान तय कर निर्माण शुरू कर दिया गया है। हाईवे पूरी तरह तैयार होने के बाद अगले वर्ष से यहां टोल वसूली शुरू होने की संभावना है।

गंगा एक्सप्रेस-वे जाने वालों पर भी पड़ेगा असर

बिनावर कट से गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी नए टोल का भुगतान करना पड़ सकता है। इससे गंगा एक्सप्रेस-वे के जरिए यात्रा करने वालों का खर्च भी बढ़ जाएगा। अभी तक यह मार्ग अपेक्षाकृत सस्ता माना जाता था, लेकिन नए टोल लागू होने के बाद यात्रा बजट पर सीधा असर पड़ेगा।

व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों की बढ़ेगी चिंता

मथुरा, कासगंज, बदायूं और हाथरस जैसे बड़े व्यापारिक केंद्रों से बरेली का सीधा संपर्क है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालवाहक और व्यावसायिक वाहन चलते हैं। ऐसे में टोल टैक्स बढ़ने का असर माल ढुलाई लागत और कारोबार पर भी पड़ सकता है। वहीं रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

चारों तरफ टोल से घिरेगा बरेली

वर्तमान में बरेली के लोग दिल्ली रोड पर फतेहगंज पश्चिमी, नैनीताल रोड पर भोजीपुरा, लखनऊ हाईवे पर फरीदपुर और पीलीभीत रोड पर संचालित टोल प्लाजा पर टैक्स दे रहे हैं। अब देवचरा में नया टोल शुरू होने के बाद शहर लगभग हर प्रमुख दिशा में टोल प्लाजा से घिर जाएगा।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला के अनुसार बरेली-मथुरा हाईवे के अंतिम चरण में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। देवचरा और कछला में टोल प्लाजा के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पूरी परियोजना को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें