
बरेली। शादी की शहनाइयों के बीच इश्क़ का बवंडर खड़ा हो गया। प्रेमनगर क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल में सजे मंडप तक जब बारात की खुशियां पहुंचीं, तभी रामपुर से आई एक युवती ने पूरे समारोह में हंगामा बरपा दिया। यह शादी उसके प्यार के ऊपर खड़ी है। बात देखते ही देखते हंगामे में बदली और प्रेम, भरोसे और वादों का यह मामला कई घंटे तक ड्रामा बनकर चलता रहा।
अशरफ खां चौकी क्षेत्र में युवक की बारात धूमधाम से पहुंची थी। घरवालों के चेहरे पर खुशी थी, रिश्तेदारों की निगाहें दूल्हे-दुल्हन पर। तभी युवती परिवार संग बैंक्वेट हॉल पहुंची और खुद को युवक की प्रेमिका बताते हुए शादी रुकवाने की मांग कर दी।
उसने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का भरोसा देकर वर्षों तक संबंध बनाए, साथ जीने-मरने की कसमें खाईं और सरकारी नौकरी लगते ही सब तोड़ दिया। युवती का कहना है कि तीन वर्षों तक दोनों साथ रहे। नौकरी लगने के बाद युवक ने शादी के लिए 20 लाख रुपये और कार की मांग रखी। मांग पूरी न होने पर रिश्ता खत्म कर दिया गया। युवती ने कहा कि सारी कसमें और रस्में सब भूल गये। अब दूसरी के साथ शादी कर रहे हो।
इसी सिलसिले में युवती ने पिछले वर्ष दुष्कर्म की प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी, जो न्यायालय में विचाराधीन है। इधर, लड़के पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए कोर्ट से राहत मिलने का दावा किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने में जुट गई। बहस इतनी बढ़ी कि युवती के पिता भावुक होकर सड़क पर बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत संभाला गया। पुलिस युवती को थाने ले गई, जहां देर रात तक पूछताछ चलती रही।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी युवक शादी कर रहा है, लेकिन वह हाई कोर्ट से अरेस्ट स्टे पर है। दोनों पक्षों के दावे न्यायिक प्रक्रिया के तहत हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं और कोर्ट में लंबित प्रकरण के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Published on:
06 Feb 2026 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
