6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीएसवीटीयू में जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया, CM साय के निर्देश… यूटीडी के 27 पदों पर होगी नियुक्ति

CG News: छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) में लंबे समय से अटकी भर्ती प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने जा रही है।

2 min read
Google source verification
सीएसवीटीयू में अटकी भर्तियों को हरी झंडी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

सीएसवीटीयू में अटकी भर्तियों को हरी झंडी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG News: छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) में लंबे समय से अटकी भर्ती प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने जा रही है। तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वविद्यालय में लम्बित भर्तियों और शिक्षण गुणवत्ता के मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद सीएसवीटीयू प्रशासन ने मार्च से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।

2022 की अधूरी भर्ती बनी बड़ी बाधा- वर्ष 2022 में सीएसवीटीयू ने 60 शैक्षणिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन विभिन्न कारणों से केवल 23 पदों पर ही नियुक्ति हो सकी। शेष पद आज तक रिक्त हैं। इन्हीं पदों को दोबारा वित्त विभाग की स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी।

गैर-शैक्षणिक पदों पर भी नियुक्ति की संभावना

शैक्षणिक पदों के साथ-साथ गैर-शैक्षणिक पदों पर भी भर्ती संभावित है। विवि चार असिस्टेंट रजिस्ट्रार, दो डिप्टी रजिस्ट्रार और एक टेक्निकल ऑफिसर की नियुक्ति कर सकता है। इसके अलावा डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए नौ लेक्चरर और एक डायरेक्टर के पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। ये नौ पद पहले से स्वीकृत हैं, जिनके लिए अलग से वित्तीय अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी।

पहले भी अटक चुकी हैं भर्तियां

सीएसवीटीयू में भर्ती प्रक्रिया रुकने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। वर्ष 2023 में माइनिंग इंजीनियरिंग और फायर सेफ्टी डिप्लोमा के नौ पदों के लिए करीब तीन हजार अभ्यर्थियों से आवेदन और शुल्क लिए गए, लेकिन दो वर्ष बाद भी परीक्षा और साक्षात्कार नहीं हो सके। इसी तरह वर्ष 2016 में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 67 पदों की भर्ती आरक्षण रोस्टर के विवाद में अटक गई थी, जो आज तक लंबित है।

यूटीडी के लिए 27 शैक्षणिक पदों पर होगी भर्ती

विवि के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी) में 27 शैक्षणिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पद शामिल हैं। लंबे समय से नियमित शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और कई विभाग अतिथि व्याख्याताओं के भरोसे संचालित हो रहे थे।

व्यापम और पीएससी से लिया जाएगा मार्गदर्शन

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संकेत मिले हैं कि वर्ष 2016 की अटकी भर्ती को निरस्त कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। इस भर्ती की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को सौंपी जा सकती है। वहीं शैक्षणिक पदों की भर्ती सीएसवीटीयू स्तर पर होगी, जिसमें लोक सेवा आयोग से मार्गदर्शन लिया जा सकता है।

संभावना है कि मार्च से भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाए। पूर्व में स्वीकृत पदों का प्रस्ताव दोबारा वित्त विभाग को भेजा जाएगा। यूटीडी की शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए भर्ती जरूरी है और इसे जल्द पूरा किया जाएगा। - डॉ. अरुण अरोरा, कुलपति, सीएसवीटीयू