भिलाई, Jun 07, 2026

भिलाई में लौह स्क्रैप चोरी मामले में आरोपी की पत्नी ने किया खुलासा ( Photo -patrika )
Bhilai News: भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से 250 टन लौह स्क्रैप चोरी का बहुचर्चित मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है। इस प्रकरण में गिरफ्तार साईं एसोसिएट्स के सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता की पत्नी अनीता गुप्ता ने दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को लिखित शिकायत देकर जांच की दिशा पर सवाल खड़े किए हैं। ( Chhattisgarh news ) उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति को मामले में 'बलि का बकरा' बनाया गया है।
अनीता गुप्ता का दावा है कि बीएसपी के कुछ अधिकारियों ने घनश्याम को संयंत्र में बुलाकर पूरे मामले की जिम्मेदारी अपने सिर लेने का दबाव बनाया। (Bhilai Iron Scrap Theft) उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाया कि उनके पति को अन्य बड़े नामों का खुलासा न करने की चेतावनी दी गई थी। शिकायत में कहा गया है कि कथित तौर पर शराब पिलाकर जबरन कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। अनीता ने मांग की है कि मामले की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की जाए, ताकि असली दोषियों को बेनकाब किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि साईं एसोसिएट्स का कार्य आरडीके इंडस्ट्री और हिमांशु ब्रदर्स को कर्मचारी उपलब्ध कराना है, जिनके पास बीएसपी से फ्लू डस्ट निकालने का ठेका है। पुलिस अब इस मामले में अत्यंत सख्ती से कदम बढ़ा रही है। आरोपी घनश्याम गुप्ता को रिमांड पर लेकर हुई पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण कड़ियां हाथ लगी हैं। इस कड़ी में पुलिस ने अब आरडीके इंडस्ट्री के संचालक गिरीश खंडेलवाल और हिमांशु ब्रदर्स के संचालक हिमांशु खंडेलवाल का नाम भी आधिकारिक रूप से मामले में शामिल कर लिया है।
पुलिस को भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारी, सीआईएसएफ जवान और ट्रांसपोर्टरों की मिलीभगत का शक है। कबाड़ी संचालित करने वाले लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने एक जांच समिति गठित की है। यह समिति पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच करेगी। अन्य आरोपियों की पतासाजी भी की जा रही है।
दुर्ग एएसपी, सुखनंदन राठौर ने कहा कि पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस अब संलिप्त सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही आगे की ठोस कार्रवाई की जाएगी।
Updated on: 07 Jun 2026 01:02 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।