
Twisha Sharma Death Case
Twisha Sharma- ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले की जांच धीरे धीरे पूर्णता की ओर अग्रसर है। क्राइम सीन रिक्रीएशन के साथ ही अधिकांश सवालों के जवाब मिल चुके हैं। फिलहाल सभी सबूतों और बयानों के आधार पर अंतिम कड़ी जोड़ने की कवायद चल रही है। मेडिकल रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य भी मामले की जांच में काफी सहायक साबित हो रहे हैं। सीबीआई ने ट्विशा द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की वजह जानने पर फोकस किया था। इसके अंतर्गत साइकेट्रिस्ट डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी से भी पूछताछ की। उन्होंने ही ट्विशा का इलाज किया था। डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने जांच अधिकारियों को इलाज से संबंधित हर जानकारी दी है। उन्होंने ट्विशा के मानसिक इलाज की पूरी हकीकत बताई। पता चला है कि मनोचिकित्सक से हुई पूछताछ से सीबीआई को ट्विशा की मनोदशा समझने में खासी मदद मिली है। डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने मीडिया से सीबीआई द्वारा पूछताछ की बात मानी है पर उसे क्या बताया, यह जानकारी देने से साफ इंकार किया है।
ट्विशा की सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह उसकी मानसिक अस्थिरता की बात लगातार कह रहे हैं। दोनों ने ट्विशा के मनोरोगी होने और उसका इलाज कराने की बात भी बताई। गिरिबाला सिंह ने इस संबंध में भोपाल कोर्ट में मनोचिकित्सक का पर्चा भी प्रस्तुत किया था।
कोर्ट में पेश साक्ष्यों और बयानों की सीबीआई अपने स्तर तस्दीक कर रही है। जांच अधिकारी मेडिकल दस्तावेजों की वास्तविकता भी परख रहे हैं। इसी के अंतर्गत सीबीआई ने मनोचिकित्सक डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी से पूछताछ की। जांच अधिकारियों के अनुसार उनका रवैया काफी सहयोगात्मक रहा। डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी से हुई बातचीत ट्विशा की मनोदशा समझने में बहुत सहायक साबित हुई।
बताया जा रहा है कि सीबीआई ने मुख्य रूप से यह जानने की भी कोशिश की कि ट्विशा वास्तव में किसी मानसिक रोग से ग्रस्त थी या नहीं। कहीं ऐसा तो नहीं था कि किसी अन्य उद्देश्य के लिए उसे इलाज के लिए लाकर पर्चा बनवाया गया!
सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने सीबीआई के हर सवाल का जवाब दिया। ट्विशा उनके पास पहली बार कब आई, उनकी मानसिक स्थिति कैसी थी, क्या दिक्कत थी, कितनी बार इलाज कराया, ऐसे प्रश्न पूछे गए। क्या इलाज के दौरान निजी जिंदगी से जुड़ी कोई समस्या सामने आई थी, यह बात भी जानी गई।
मनोचिकित्सक डॉक्टर सत्यकांत त्रिवेदी ने सीबीआई की पूछताछ की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने ट्विशा के संबंध में हुए सवाल जवाब की जानकारी देने से यह कहकर इंकार कर दिया कि किसी भी मरीज की व्यक्तिगत जानकारी देना उसके अधिकारों का उल्लंघन होगा।
बता दें कि क्राइम सीन रिक्रीएशन के साथ ही सीबीआई अधिकारी मामले की गुत्थी सुलझाने की कगार पर पहुंच गए हैं। अब जल्द से जल्द चार्जशीट दायर करने की तैयारी कर रहे हैं।
Published on:
08 Jun 2026 09:57 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
