
सरकंडा थाना पुलिस स्टेशन ( Photo - Patrika )
Crime News: शराबी पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पत्नी का आरोप है कि उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। वहीं, कुछ दिन पहले रात में मैगी बनाने के नाम से उसे पाइप से बुरी तरह पीटा।
घटना को लेकर कोरबा पुलिस ने जीरो में अपराध दर्ज कर विवेचना के लिए केस डायरी बिलासपुर के सरकंडा थाने भेज दी है। पीडि़ता काजल तिवारी (26) निवासी रामसागरपारा, कोरबा ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि उसका विवाह 5 फरवरी 2022 को सामाजिक रीति-रिवाज से अंकित तिवारी निवासी अशोक नगर पार्क लाइफ कॉलोनी, सरकंडा बिलासपुर से हुआ था।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसका पति आए दिन शराब पीकर घर आता था और छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा कर गाली-गलौज व मारपीट करता था। 23 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे, आरोपी पति शराब के नशे में घर पहुंचा और देर रात मैगी बनाने की बात को लेकर विवाद करने लगा। इस दौरान उसने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों, लातों तथा लोहे के पर्दे की पाइप से बेरहमी से मारपीट की।
घटना के बाद पीड़िता ने अपने माता-पिता को मोबाइल फोन से पूरी जानकारी दी। अगले दिन 24 जनवरी 2026 को उसके पिता मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ कोरबा ले आए, जहां महिला ने पुलिस में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली कोरबा में जीरो में अपराध दर्ज कर बिलासपुर डायरी भेज दी गई है।
Updated on:
11 Feb 2026 07:00 pm
Published on:
11 Feb 2026 06:59 pm
