7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आधी रात सरकारी कॉलेज में अवैध तरीके से घुसे आमिर खान-अरिजीत सिंह? CCTV फुटेज आया सामने, प्रिंसिपल ने लगाया आरोप

Arijit Singh-Aamir Khan Illegal Entry Controversy: आमिर खान और अरिजीत सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। एक सरकारी कॉलेज के प्रिंसिपल ने दावा किया है कि आमिर और अरिजीत आधी रात कॉलेज में घुसे हैं।

3 min read
Google source verification
Arijit Singh-Aamir Khan Illegal Entry Controversy

Arijit Singh-Aamir Khan (सोर्स- एक्स)

Arijit Singh-Aamir Khan Illegal Entry Controversy: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से जुड़ा एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा में है। मशहूर गायक अरिजीत सिंह और बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान पर एक सरकारी कॉलेज परिसर में देर रात बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप लगाए गए हैं। ये मामला तब और ज्यादा तूल पकड़ गया, जब कॉलेज के प्रिंसिपल ने कथित सीसीटीवी वीडियो साझा कर दिए, हालांकि कुछ ही घंटों बाद उन्हें हटाना पड़ा।

कॉलेज के प्रधानाचार्य ने किया दावा (Arijit Singh-Aamir Khan Illegal Entry Controversy)

बताया जा रहा है कि ये घटना जियागंज स्थित रानी धन्या कुमारी सरकारी कॉलेज से जुड़ी है। कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय अधिकारी ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर दो छोटे वीडियो साझा किए थे। इन वीडियो में दावा किया गया कि रात करीब एक बजे के बाद अरिजीत सिंह, आमिर खान और उनके साथ मौजूद लगभग 20 लोग कॉलेज परिसर में दाखिल हुए। आरोप है कि यह प्रवेश बिना किसी आधिकारिक अनुमति के हुआ।

रात करीब 1:05 कॉलेज में घुसे आमिर-अरिजीत?

प्राचार्य के मुताबिक, रात करीब 1:05 बजे कई मोटरसाइकिलें कॉलेज के मुख्य गेट से अंदर गईं। कथित तौर पर यह समूह एक घंटे से अधिक समय तक कॉलेज परिसर में रुका। आरोपों में ये भी कहा गया कि इस दौरान इंडोर गेम्स हॉल में बैडमिंटन खेला गया और शूटिंग से जुड़ी गतिविधियां भी की गईं। करीब ढाई बजे के आसपास सभी लोग परिसर से बाहर चले गए।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए वीडियो

सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही वीडियो तेजी से वायरल हो गए। लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि क्या मशहूर हस्तियों के लिए सरकारी शैक्षणिक संस्थानों के नियम अलग होते हैं। हालांकि, कुछ ही घंटों के भीतर प्राचार्य ने न केवल वीडियो बल्कि अपनी पूरी पोस्ट भी हटा दी। हटाने के बाद उन्होंने एक संक्षिप्त संदेश में कहा कि उन पर पोस्ट डिलीट करने का दबाव बनाया गया।

'कानून और नियम सभी के लिए एक जैसे'

अपने हटाए गए बयान में अजय अधिकारी ने ये साफ किया था कि वो अरिजीत सिंह और आमिर खान का व्यक्तिगत रूप से सम्मान करते हैं, लेकिन कानून और नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्थायी नाइट गार्ड पर दबाव डालकर गेट खुलवाया गया और कॉलेज परिसर का व्यावसायिक उपयोग किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, पोस्ट के बाद प्राचार्य को कई स्तरों से फोन कॉल और संदेश आने लगे, जिसके बाद उन्हें मजबूरन पोस्ट हटानी पड़ी। शनिवार सुबह जब उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वह इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते और फिलहाल किसी तरह की पुलिस शिकायत दर्ज कराने का कोई फैसला नहीं लिया गया है।

अरिजीत के घर पर ठहरे हैं आमिर

इसी बीच यह भी सामने आया कि आमिर खान हाल ही में जियागंज में अरिजीत सिंह के घर पर ठहरे हुए थे। शुरुआत में अटकलें थीं कि आमिर, अरिजीत को पार्श्व गायन से जुड़ा कोई फैसला बदलने के लिए मनाने आए हैं। बाद में ये साफ हुआ कि दोनों किसी प्रोजेक्ट पर साथ काम कर रहे हैं और इसी सिलसिले में आमिर मुर्शिदाबाद में मौजूद थे। इस दौरान दोनों को साथ में पतंग उड़ाते और भागीरथी नदी में देर रात नौकाविहार करते भी देखा गया था।

आमिर-अरिजीत ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि उस रात कुछ स्थानीय राजनीतिक हस्तियां भी उनके साथ मौजूद थीं। हालांकि, अब तक अरिजीत सिंह या आमिर खान की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह मामला अब भी कई सवाल खड़े करता है, खासकर नियमों की समानता और दबाव की राजनीति को लेकर।