
मोनालिसा की नई फिल्म का ट्रेलर हुआ रिलीज
Mahakumbh Girl Monalisa: प्रयागराज के महाकुंभ से फेमस हुई 'वायरल गर्ल' मोनालिसा अब बड़े पर्दे पर अपना जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। मंगलवार को प्रयागराज के एक निजी होटल में उनकी पहली फिल्म "द डायरी ऑफ मणिपुर" का ट्रेलर धूमधाम से रिलीज किया गया। इस फिल्म का गहरा नाता प्रयागराज से है, इसलिए इसकी पहली झलक दिखाने के लिए इसी जगह को चुना गया। जैसे ही ये ट्रेलर आया हर कोई खुश हो गया।
मोनालिसा की इस डेब्यू फिल्म को सनोज मिश्रा ने डायरेक्ट किया है। "द डायरी ऑफ मणिपुर" उनका एक ड्रीम प्रोजेक्ट है। लगभग 10 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म एक साल की कड़ी मेहनत के बाद तैयार हुई है। यह ढाई घंटे की एक इमोशनल लव स्टोरी है, जिसमें मनोरंजन के लिए चार-पांच गाने भी पिरोए गए हैं। फिल्म की खास बात यह है कि इसकी कहानी देश की राजधानी दिल्ली को नॉर्थ-ईस्ट के खूबसूरत राज्य मणिपुर से जोड़ती है। फिल्म की 80 फीसदी शूटिंग उत्तराखंड में हुई है, जबकि कुछ हिस्सा नेपाल और मणिपुर में फिल्माया गया है।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान मोनालिसा काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने अपनी कमियों को छुपाया नहीं बल्कि गर्व से अपने फैंस के साथ शेयर किया। उन्होंने कहा कि वह पढ़ी-लिखी नहीं हैं और उन्हें हिंदी भी नहीं आती थी। मोनालिसा ने कहा, "डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने एक आम लड़की को स्क्रीन तक पहुंचाने में मेरा बहुत साथ दिया। मेरी फैमिली भी मेरे साथ मजबूती से खड़ी रही।"
पर्दे पर चमकने वाली मोनालिसा के पैर आज भी जमीन पर हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने गांव में एक स्कूल खोलना चाहती हैं ताकि दूसरे बच्चों को वो परेशानियां न झेलनी पड़ें जो उन्होंने झेलीं। साथ ही वह अपनी छोटी बहन को पढ़ा-लिखाकर कलेक्टर बनाना चाहती हैं।
फिल्म में मोनालिसा के अपोजिट प्रयागराज के ही एक्टर अभिषेक तिवारी नजर आएंगे। अभिषेक ने मोनालिसा की मेहनत और एक्टिंग की जमकर तारीफ की। फिल्म के को-एक्टर अमित राव ने बताया कि यह महज एक लव स्टोरी नहीं है। फिल्म में मणिपुर के आरक्षण और धर्मांतरण जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को भी सस्पेंस और थ्रिलर के साथ उठाने की कोशिश की गई है।
मोनालिसा के फैंस के लिए खुशी की बात यह है कि उनकी एक तेलुगु फिल्म "लाइफ" भी रिलीज के लिए तैयार है। फिलहाल, "द डायरी ऑफ मणिपुर" अप्रैल के पहले हफ्ते में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मोनालिसा और फिल्म की पूरी टीम ने दर्शकों से अपील की है कि वे इस अनोखी प्रेम कहानी को देखने थिएटर जरूर जाएं।
Published on:
11 Feb 2026 11:41 am
