
ममता कुलकर्णी कनेक्शन: अंडरवर्ल्ड से साध्वी तक का सफर (इमेज सोर्स: एक्स)
Mamta Kulkarni Real Life Story: बॉलीवुड में कई सितारों ने अपनी खूबसूरती और प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीता है, इन्हीं में से एक थीं 90 के दशक की टॉप हीरोइन ममता कुलकर्णी। एक्ट्रेस का फिल्मी सफर तो काफी शानदार रहा लेकिन पर्दे के पीछे की जिंदगी काफी उतार-चढ़ाव वाली रही। अंडरवर्ल्ड के साए, अनेकों विवाद, भगोड़ा पार्टनर और अचानक आध्यात्मिक मार्ग पर निकल जाना ये सब आसान नहीं रहा।
90 के दशक में ममता कुलकर्णी बॉलीवुड की सबसे ग्लैमरस और बोल्ड अभिनेत्रियों में से एक थीं। ‘करण अर्जुन’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, ‘आशिक आवारा’, ‘चाइना गेट’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी लोकप्रियता इतनी थी कि वे हर बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने लगीं। कम समय में ममता की छवि एक सुपरस्टार के रूप में स्थापित हो चुकी थी। लेकिन इसी दौरान उनकी जिंदगी में आया एक मोड़, जिसने उनके करियर और इमेज दोनों को हमेशा के लिए बदल दिया। दरअसल, ममता ने साल 1993 में स्टारडस्ट मैगजीन के लिए टॉपलेस फोटोशूट कराया था, तभी से विवाद बढ़ता गया।
ममता का नाम पहली बार तब विवादों में आया जब उनके ड्रग माफिया विकी गोस्वामी से रिश्ते की खबरें सामने आईं। उसके साथ रिश्ता जुड़ना एक्ट्रेस के लिए बड़ी परेशानी साबित हुई। खबरें तो यहां तक उड़ी की दोनों ने शादी कर ली है। लेकिन एक्ट्रेस ने सभी बातों को खारिज कर दिया। हालांकि ये बात जरूर सही है कि एक्ट्रेस विकी से प्यार करने लगीं थीं।
उनकी जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया जब 2016 में मुंबई पुलिस ने विक्की गोस्वामी के साथ ममता कुलकर्णी को भी 2000 करोड़ रुपए के ड्रग रैकेट केस में आरोपी बना दिया। इस घटना के बाद ममता फिर सुर्खियों में आ गईं और उनका नाम लगातार विवादों में घिरा रहा। लेकिन कई साल बाद, 2024 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा कि ममता के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है। इसलिए उनके ऊपर लगे सभी आपराधिक आरोप हटा दिए गए।
बॉलीवुड की चमक-दमक से दूर होने का फैसला ममता कुलकर्णी ने साल 2002 में कर लिया था, लेकिन असल बदलाव तो उससे भी पहले शुरू हो चुका था। ममता बताती हैं कि साल 2000 से ही उनका मन आध्यात्म की ओर झुकने लगा था। दुबई में पूरे 12 साल तक उन्होंने तपस्या और साधना की। इसी आध्यात्मिक यात्रा का बड़ा पड़ाव तब सामने आया जब जनवरी 2025 में प्रयागराज कुंभ मेले में किन्नर अखाड़ा ने उन्हें ‘महामंडलेश्वर’ की उपाधि दी और नया नाम दिया- श्री यमाई ममता नंदगिरी।
ऐसे में देखा जाए तो एक समय की ग्लैमरस और बोल्ड अभिनेत्री अब पूरी तरह साध्वी बन चुकी हैं। अंडरवर्ल्ड से जुड़े विवादों के बाद बॉलीवुड उनसे दूर होता गया और ममता खुद भी शोहरत और फिल्मों की दुनिया से निकलकर अध्यात्म में डूबती चली गईं। वे कहती हैं कि अब उनका जीवन सिर्फ ईश्वर, साधना और शांति को समर्पित है और उनका पुराना अतीत अब उनके लिए किसी मायने का नहीं।
Updated on:
17 Jan 2026 06:50 pm
Published on:
17 Jan 2026 06:08 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
