
Rajpal Yadav (सोर्स- एक्स)
Rajpal Yadav Brother Questions Financial Help: बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों कानूनी संकट के कारण सुर्खियों में हैं। 9 करोड़ रुपये की देनदारी से जुड़े मामले में 5 फरवरी को उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। जेल जाने से पहले उनका एक भावुक संदेश भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने आर्थिक तंगी का जिक्र किया था।
अभिनेता के इस कठिन दौर में फिल्म इंडस्ट्री के कई नामचीन चेहरों ने खुलकर समर्थन जताया और आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।लेकिन अब इस पूरे घटनाक्रम में नया मोड़ आ गया है। राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जहां एक ओर राजपाल की पत्नी और उनके करीबी सहयोगियों ने फिल्मी सितारों का आभार व्यक्त किया है, वहीं उनके भाई का कहना है कि परिवार को अब तक किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद प्राप्त नहीं हुई है।
'दैनिक भास्कर' से बात करते हुए श्रीपाल यादव का दावा है कि अगर वाकई किसी ने मदद की है तो ये साफ किया जाना चाहिए कि रकम किसे और कैसे सौंपी गई। उनका कहना है कि जो व्यक्ति राजपाल के वित्तीय मामलों को संभालता है, उसने अब तक किसी रकम के प्राप्त होने की पुष्टि नहीं की है।
उन्होंने ये भी कहा कि यदि सहायता वास्तव में दी गई है तो परिवार आभारी रहेगा, लेकिन यदि केवल सोशल मीडिया पर घोषणाएं की जा रही हैं और वास्तविक मदद नहीं पहुंच रही, तो यह गलत परंपरा है।
इस पूरे विवाद के बीच एक ओर कानूनी लड़ाई चल रही है, तो दूसरी ओर परिवार में शादी की तैयारियां भी जारी हैं। श्रीपाल यादव की बेटी की शादी नजदीक है, और परिवार को उम्मीद है कि उस शुभ अवसर से पहले राजपाल घर लौट आएंगे।
परिवार का कहना है कि राजपाल ने आत्मसमर्पण से पहले विश्वास जताया था कि वह जल्द वापस आएंगे और सच्चाई सामने रखेंगे। उनका मानना है कि उन्होंने किसी व्यक्तिगत विलासिता के लिए कर्ज नहीं लिया था, बल्कि फिल्म निर्माण में निवेश किया था।
राजपाल यादव के समर्थन में कई कलाकारों ने आर्थिक सहयोग की घोषणा की थी। सोशल मीडिया पर इंडस्ट्री की एकजुटता की सराहना भी हुई। लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह सहयोग कागजों और पोस्ट तक सीमित है या वास्तव में परिवार तक पहुंच रहा है?
फिल्म जगत में अक्सर मुश्किल समय में एकजुटता दिखाई देती है, लेकिन इस मामले ने पारदर्शिता को लेकर बहस छेड़ दी है। क्या आर्थिक मदद सीधे परिवार को दी जानी चाहिए या कानूनी प्रक्रिया के तहत जमा कराई जा रही है—यह भी स्पष्ट नहीं है।
राजपाल यादव की कानूनी लड़ाई अभी जारी है। जमानत याचिका और बकाया भुगतान को लेकर अदालत में सुनवाई होनी है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि घोषित सहयोग किस रूप में सामने आता है और क्या वास्तव में उससे अभिनेता को राहत मिलती है।
Updated on:
12 Feb 2026 04:38 pm
Published on:
12 Feb 2026 04:37 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
