
राजपाल यादव का पुराना वीडियो वायरल
Premanand Maharaj on Rajpal Yadav: बॉलीवुड के फेमस कॉमेडियन राजपाल यादव का समय अच्छा नहीं चल रहा है। वह 5 फरवरी से जेल में बंद हैं। ऐसे में आज यानी 12 फरवरी का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चेक बाउंस मामले में राजपाल की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होनी है। जहां एक तरफ फिल्म इंडस्ट्री उनके समर्थन में एकजुट खड़ी है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जब वह प्रेमानंद महाराज से मिले थे और इस वीडियो को देखकर लोगों का कहना है कि महाराज जी को पहले ही एक्टर को लेकर बड़ा आभास हो गया था।
यह वीडियो दिसंबर 2025 का बताया जा है, जब राजपाल यादव वृंदावन जाकर सुप्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचे थे। आज जब राजपाल आर्थिक तंगी और कानूनी पचड़ों के कारण जेल में हैं, तो लोग इस वीडियो को दोबारा देखकर हैरान हैं। वीडियो में महाराज की बातें सुनकर ऐसा लग रहा है जैसे उन्हें राजपाल पर आने वाली इस बड़ी मुसीबत का पहले से ही एहसास था।
वीडियो की शुरुआत में राजपाल मुस्कुराते हुए महाराज के पास जाते हैं। महाराज पूछते हैं, “कैसे हो, ठीक हो?” इस पर राजपाल का जवाब बड़ा गहरा था, उन्होंने कहा, “आज ठीक हैं।” यह सुनकर महाराज मुस्कुराते हैं और कहते हैं कि राजपाल पूरे भारत को हंसाते हैं, यह बहुत पुण्य का काम है।
मुलाकात के दौरान प्रेमानंद महाराज ने जीवन की कड़वी सच्चाई पर ऐसी बात कही जो आज राजपाल के हालातों पर सटीक बैठती है। महाराज ने कहा था, “जीवन में ऐसी विपत्तियां और आर्थिक परेशानियां आती हैं कि जीना मुश्किल हो जाता है। अच्छे समय में तो सब हाथ मिलाते हैं, लेकिन जैसे ही देखते हैं कि सामने वाला मुसीबत में है, लोग किनारा कर लेते हैं। उन्हें डर लगता है कि कहीं यह हमसे कुछ मांग न ले।”
महाराज ने आगे सलाह दी कि ऐसे वक्त में सिर्फ भगवान का नाम ही काम आता है। उन्होंने राजपाल को हिम्मत न हारने और हर मुश्किल से लड़ने की सीख दी थी। उस वक्त राजपाल काफी भावुक हो गए थे और उन्होंने कहा था, “आपको देखकर यकीन हो गया कि ईश्वर हैं। मेरे पास कहने को बहुत कुछ था, पर अब शब्द नहीं मिल रहे।”
यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस वीडियो के नीचे कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। फैंस लिख रहे हैं कि महाराज जी जानते थे कि राजपाल पर संकट आने वाला है, इसलिए उन्होंने पहले ही उन्हें मानसिक रूप से तैयार कर दिया था। एक यूजर ने लिखा, “आज राजपाल भाई जेल में हैं, महाराज की बातें उन्हें वहां भी हिम्मत दे रही होंगी।”
आज की सुनवाई पर न सिर्फ राजपाल के परिवार बल्कि पूरे बॉलीवुड की नजरें टिकी हैं। अगर उन्हें आज जमानत मिलती है, तो यह उनके प्रशंसकों के लिए बड़ी राहत की खबर होगी। फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों ने उनकी देनदारी चुकाने के लिए पहले ही आर्थिक मदद का हाथ बढ़ाया है।
Published on:
12 Feb 2026 11:04 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
