
रोहित शेट्टी घर पर फायरिंग के बाद पहली बार आए नजर
Rohit Shetty First Public Appearance: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई फायरिंग की घटना ने पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को सख्ते में डाल दिया है। 1 फरवरी की रात करीब 12:45 बजे हुई इस वारदात के बाद से ही रोहित शेट्टी ने मीडिया से दूरी बना रखी थी। उन्होंने इस दौरान बड़ा फैसला लिया था और सभी मिलने आने वालों पर भी रोक लगा दी थी। उनके फैंस इस घटना से काफी परेशान हो गए थे। वह रोहित को एक बार देखने और उनका हाल जानना चाहते थे। अब ऐसे में शुक्रवार, 13 फरवरी को डायरेक्टर पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए है। उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर अपने बेटे ईशान शेट्टी को विदा करने के लिए भारी सुरक्षा घेरे के बीच देखा गया।
एयरपोर्ट पर जो नजारा दिखा, उसने साफ कर दिया कि रोहित शेट्टी की जान को खतरा कितना गंभीर है। रोहित अपनी कार से जैसे ही बाहर निकले, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और पैपराजी (फोटोग्राफरों) को दूर रहने की सख्त हिदायत दी। रोहित के बेटे ईशान, जो लंदन के सेंट्रल फिल्म स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं, अपनी फ्लाइट पकड़ने से पहले पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लेते दिखे। इस दौरान रोहित काफी भावुक नजर आए और उन्होंने बेटे को गले लगाकर विदा किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जो रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई थी उसमें हमलावर एक मोटरसाइकिल पर जुहू इलाके में आया था। उसने अपनी बाइक थोड़ी दूरी पर पार्क की थी और पैदल ही 'शेट्टी टावर' की तरफ बढ़ा। बिल्डिंग की पहली मंजिल पर रोहित शेट्टी का पर्सनल जिम है, हमलावर ने उसी के बाहर गोलियां चलाईं और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस हमले के बाद से ही रोहित और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। गैंग के सदस्य शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर रोहित शेट्टी को सीधे तौर पर चेतावनी दी है। पोस्ट में लिखा गया, "हमने रोहित शेट्टी को कई बार चेतावनी दी थी कि वह हमारे काम में दखल न दे। जब वह नहीं समझा, तो यह तो बस एक छोटा सा ट्रेलर था। अगर वह अब भी नहीं माना, तो अगली गोली घर के बाहर नहीं बल्कि सीधे उसके बेडरूम के अंदर सीने पर चलाई जाएगी।"
खतरा सिर्फ रोहित शेट्टी तक सीमित नहीं है। रोहित के घर फायरिंग के तुरंत बाद एक्टर रणवीर सिंह को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर की तरफ से एक व्हाट्सएप वॉइस नोट मिला, जिसमें 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इसके अगले ही दिन सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को भी बिश्नोई गैंग से जुड़ा एक धमकी भरा ईमेल मिला है।
मुंबई पुलिस इन सभी मामलों को एक-दूसरे से जोड़कर देख रही है। लगातार मिल रही धमकियों और फायरिंग की इस घटना ने मुंबई क्राइम ब्रांच की नींद उड़ा दी है। फिलहाल पूरी फिल्म सिटी में डर का माहौल है और कई बड़े सितारों की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है।
Published on:
13 Feb 2026 02:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
