
Dhurandhar 2 Teaser (सोर्स- एक्स)
Why Dhurandhar 2 Teaser Release At 1212: बॉलीवुड में जब भी कोई बड़ी फिल्म आती है, तो उससे जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात चर्चा का विषय बन जाती है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘धुरंधर’ के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। खासकर एक सवाल लगातार फैंस के दिमाग में घूम रहा है- आखिर 'धुरंधर पार्ट 1' और पार्ट 2 के टीजर ठीक 12:12 बजे ही क्यों रिलीज किए गए?
3 फरवरी 2026 को ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का टीज़र दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर सामने आया। इससे पहले 6 जुलाई 2025 को आए पहले पार्ट का टीजर भी बिल्कुल इसी समय रिलीज किया गया था। दिलचस्प बात ये है कि मेकर्स ने अब तक इस टाइमिंग को लेकर कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्मी जानकारों के बीच कई थ्योरीज चल रही हैं।
कई दर्शकों का मानना है कि 12:12 अब धुरंधर फ्रेंचाइजी का सिग्नेचर मोटिफ बन चुका है। जिस तरह कुछ फिल्में अपने बैकग्राउंड म्यूजिक या विजुअल स्टाइल से पहचानी जाती हैं, उसी तरह यह खास समय फिल्म की ब्रांडिंग का हिस्सा हो सकता है। इससे दोनों फिल्मों के बीच एक निरंतरता और गहराई बनती है।
फैंस की एक और थ्योरी के मुताबिक 1-2-1-2 सिर्फ समय नहीं, बल्कि कहानी की संरचना का इशारा है। माना जा रहा है कि धुरंधर 2 सीधे पहले पार्ट से जुड़ी हुई कहानी है, जो रणवीर सिंह के किरदार जस्किरत सिंह रांगी के अतीत में ले जाती है- उस दौर में, जब वह पाकिस्तान में हमजा अली मजारि बनने से पहले एक अलग पहचान जी रहा था।
सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा एंजल नंबर 1212 की हो रही है। न्यूमरोलॉजी के अनुसार 1212 संतुलन, नई शुरुआत और आत्म-जागरण का प्रतीक माना जाता है। अगर इसे फिल्म की कहानी से जोड़कर देखें, तो यह हमजा के किरदार के भीतर हो रहे बदलाव, बदले की आग और उसके भाग्य की ओर इशारा कर सकता है। फिल्म का टैगलाइन 'रैथ ऑफ गॉड' भी इस थ्योरी को और मजबूत करता है।
आदित्य धर अपनी फिल्मों में छोटे-छोटे डिटेल्स और प्रतीकों के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में यह भी संभव है कि 12:12 एक जानबूझकर चुना गया सिनेमैटिक संकेत हो, जिसे दर्शक धीरे-धीरे समझें। पहले पार्ट के समय इस पर ज्यादा ध्यान नहीं गया, लेकिन दूसरे टीज़र से पहले दिए गए क्रिप्टिक हिंट्स ने इस टाइमिंग को रहस्य बना दिया।
फिलहाल सच्चाई क्या है, ये तो मेकर्स ही बताएंगे। लेकिन इतना तय है कि 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ से पहले 12:12 का यह रहस्य दर्शकों की उत्सुकता को चरम पर पहुंचा चुका है।
Updated on:
03 Feb 2026 08:04 pm
Published on:
03 Feb 2026 08:03 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
