7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चंदौली, Jun 07, 2026

चंदौली में पुलिस और लुटेरों का आमना-सामना, दोनों तरफ से फायरिंग में एक बदमाश और एक दारोगा घायल

Encounter in chandauli : चंदौली में रविवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच आमना सामना हो गया, जिसके बाद दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है..

Chandauli police

आरोपी से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी, Pc-Patrika

Encounter in Chandauli : चंदौली में रविवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच आमना सामना हो गया, जिसके बाद दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। इस मुठभेड़ में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से अवैध पिस्टल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने कुछ दिन पूर्व हुई लूट की घटना को अंजाम दिया था।

4 दिन पहले की थी लूट

जानकारी के मुताबिक, बलुआ पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 3 जून को हुई लूट की घटना में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि बलुआ थाना क्षेत्र के मिश्रापूरा के रहने वाले गोविंद मिश्रा के साथ चहानिया बाजार में लूट की घटना की गई थी, जिसमें बाइक सवार दो बदमाशों की पहचान सीसीटीवी के माध्यम से की गई। पकड़े गए बदमाश वही लुटेरे हैं, जिन्होंने लूट की घटना को अंजाम दिया था।

आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, जिसके बाद मुखबिर ने सूचना दी की लूट की घटना में शामिल अनुपम पांडे और आकाश कुमार अपने घर आए हुए हैं और रविवार की सुबह भागने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने वाराणसी-बलुआ मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दोनों बदमाश बाइक से आते दिखे। वहीं पुलिस को देखने के बाद उन्होंने भागने का प्रयास किया लेकिन अनियंत्रित होकर गिर पड़े। पुलिस टीम से खुद को घिरता देख आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें उप-निरीक्षक जमालुद्दीन खान को बाएं हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।

एक आरोपी ने किया सरेंडर

पुलिस ने बताया है कि उप-निरीक्षक के घायल होने के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद धानापुर के अटोली गांव का रहने वाले अनुपम पांडे उर्फ गोलू के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, अपने साथी को घायल होता देख बलुआ के महुअर गांव के रहने वाले आकाश कुमार ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने बताया है कि इस मुठभेड़ की घटना में घायल हुए उप-निरीक्षक और अनुपम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और लूटा गया सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया है कि मुठभेड़ की इस घटना में घायल हुए अनुपम पांडे के खिलाफ आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके साथी आकाश के खिलाफ तीन मुकदमा चंदौली में दर्ज है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें