भारत, Jun 06, 2026

सूर्यकुमार यादव की भारतीय टीम से छुट्टी (Photo: IANS)
Indian T20 squad for the Ireland and England series and the Asian Games: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड, इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। सूर्यकुमार यादव की जगह पर श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम का नया टी20 कप्तान नियुक्त किया गया है। आइए आपको बताते हैं इस सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय टी20 टीम की पांच प्रमुख बातें।
आईपीएल में अपनी कप्तानी से लगातार प्रभावित कर रहे श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान नियुक्त कर दिया गया है। अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह पर टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वहीं, तिलक वर्मा को अक्षर पटेल के स्थान पर नया उपकप्तान बनाया गया है।
15 साल की उम्र में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से आईपीएल 2026 में धमाल मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टी20 टीम में जगह दी गई है। वैभव का प्रदर्शन हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2026 में कमाल का रहा, और उन्होंने 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 776 रन बनाए।
अपनी कप्तानी में भारत को टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव की टी20 टीम से छुट्टी कर दी गई है। सूर्यकुमार को न तो आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज और न ही एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम में जगह दी गई है। माना जा रहा है कि लगातार बल्ले से नाकामी सूर्यकुमार यादव के खिलाफ गई है।
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलने वाले प्रिंस यादव को आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। प्रिंस ने आईपीएल में अपनी रफ्तार और शानदार लाइन एंड लेंथ से खासा प्रभावित किया था। यही वजह है कि वह सिलेक्टर्स का भरोसा जीतने में सफल रहे हैं।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा को चोट से उबरने के बाद टी20 टीम में जगह दी गई है। इंजरी की वजह से हर्षित आईपीएल 2026 में खेलते हुए नजर नहीं आए थे। वहीं, जसप्रीत बुमराह को आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज के लिए आराम दिया गया है, जबकि वह एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।
Updated on: 06 Jun 2026 05:20 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।