भारत, Jun 05, 2026

लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने पहनी लाल किट (Photo - X/RuthStraussFdn)
England vs New Zealand, 1st Test: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ी लाल रंग की स्पेशल किट पहनकर मैदान पर उतरे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने अपनी जर्सी के पीछे नंबर लाल रंग में छपवाए हैं, जबकि इंग्लैंड की टीम ने पूरी किट लाल रंग में उतारी। इंग्लैंड की जर्सी के आगे-पीछे नंबर, बोर्ड का लोगो और स्पॉन्सर के लोगो सभी लाल रंग के हैं। साथ ही इंग्लैंड की टोपी भी लाल रंग की है।
यह सब लॉर्ड्स पर हर साल मनाए जाने वाले ‘रेड फॉर रूथ’ दिन के तहत किया गया। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन को समर्थन देना है, जो असाध्य कैंसर से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों की मदद करती है। यह दिन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्र्यू स्ट्रॉस की दिवंगत पत्नी रूथ स्ट्रॉस को समर्पित है। रूथ को फेफड़ों के उस कैंसर का पता चला था, जो धूम्रपान न करने वालों को भी प्रभावित करता है। फाउंडेशन न सिर्फ मरीजों और उनके परिवारों को भावनात्मक व मानसिक सहारा प्रदान करती है, बल्कि दुर्लभ फेफड़े के कैंसर पर शोध के लिए अनुदान भी देती है।
मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड की पहली पारी 113 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड को पहली पारी के आधार पर 27 रन की अहम बढ़त मिली है। न्यूजीलैंड को पहली पारी में 113 रन पर समेटने में इंग्लैंड के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन का अहम योगदान रहा। रॉबिन्सन ने 10.5 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट लिए। इसके अलावा, जोश टंग ने 10 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट लिए। गस एटकिंसन को 5 ओवर में 9 रन खर्च कर 2 विकेट मिले।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पर गौर करें तो कीवी टीम पहली पारी में इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना मात्र 29.5 ओवर कर सकी और 113 रन पर सिमट गई। कीवी टीम के लिए नौवें नंबर पर आए काइल जैमिसन ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। इसके अलावा ग्लेन फिलिप्स ने 34 रन बनाए। नाथन स्मिथ ने 15 रन बनाए। न्यूजीलैंड के शीर्ष 6 बल्लेबाज सिर्फ 20 रन का योगदान दे सके।
इसके पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम टेस्ट के पहले दिन की 140 रन पर सिमट गई थी। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने सर्वाधिक 56 रन बनाए थे। बेन डकेट 19 रन बनाकर दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। इंग्लैंड के भी 6 बल्लेबाज 2 अंकों में नहीं पहुंच सके थे।
न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमिसन ने शानदार गेंदबाजी की थी और 14 ओवर में 62 रन देकर 5 विकेट झटके थे। नाथन स्मिथ ने 3 और विल ओरूर्के ने 2 विकेट लिए थे। टेस्ट मैच के पहले दिन (गुरुवार) और दूसरे दिन (शुक्रवार) के पहले सत्र में विकेटों का पतझड़ देखने को मिला है। दूसरे दिन के बचे दो सत्र में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
Updated on: 05 Jun 2026 06:24 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।