6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीयर पीकर जश्न मनाना हैरी ब्रूक को पड़ा भारी, पूर्व कप्तानों ने जमकर लगाई फटकार

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक के 'बीयर स्मैश' जश्न पर पूर्व कप्तानों का गुस्सा फूटा। माइकल एथरटन और नासिर हुसैन ने ब्रूक के अनुशासन और कप्तानी पर उठाए गंभीर सवाल। जानें क्या है पूरा विवाद...

2 min read
Google source verification

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन और नासिर हुसैन ने हैरी ब्रूक को फटकार लगाई (photo - IANS)

इंग्लैंड के नए सफेद गेंद कप्तान हैरी ब्रूक इन दिनों अपनी बल्लेबाजी से ज्यादा मैदान के बाहर के विवादों को लेकर चर्चा में हैं। मामला पिछले साल के न्यूजीलैंड दौरे का है, जहां एक क्लब बाउंसर के साथ हुई हाथापाई के कारण ईसीबी (ECB) ने उन पर 30,000 पाउंड का जुर्माना लगाया था। अब इसी मुद्दे पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन और नासिर हुसैन ने उन्हें घेर लिया है।

जश्न के तरीके पर उठे सवाल

हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में शतक लगाने के बाद ब्रूक ने स्टोन कोल्ड स्टीव ऑस्टिन के अंदाज में बीयर की दो कैन टकराकर जश्न मनाया था। माइकल एथरटन को यह व्यवहार बिल्कुल रास नहीं आया। उन्होंने कहा कि जब आप किसी गलती के लिए सजा भुगत रहे हों, तो ऐसा जश्न सही नहीं है। एथरटन के अनुसार, यह दिखाता है कि खिलाड़ी को अपनी गलती का कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि पीआर और मैनेजमेंट को दोष देने के बजाय खिलाड़ी को खुद अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

नासिर हुसैन की नाराजगी

पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने भी कड़े शब्दों में ब्रूक की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता कि इंग्लैंड की टीम का कप्तान मैच से ठीक एक रात पहले बाहर जाए, हद से ज्यादा शराब पिए और किसी बाउंसर से मार खाए। हुसैन ने कहा कि 26 साल की उम्र में आपको इतनी समझ होनी चाहिए कि आप देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

सच छिपाने की कोशिश

विवाद तब और बढ़ गया जब पहले ब्रूक ने कहा कि वह उस रात अकेले थे, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि उनके साथ जैकब बेथेल और जोश टंग भी मौजूद थे। हालांकि बाद में ब्रूक ने अपनी गलती मान ली और माफी भी मांगी, लेकिन दिग्गजों का मानना है कि एक कप्तान के तौर पर उन्हें अधिक समझदारी दिखानी होगी। एथरटन ने अंत में यह जरूर कहा कि गलतियां सबसे होती हैं और खिलाड़ी को आगे बढ़ने के लिए समर्थन की जरूरत है, पर डिसिप्लिन से समझौता नहीं किया जा सकता।