7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, Jun 07, 2026

टीम इंडिया के टी20 कप्तान बनते ही श्रेयस अय्यर ने मचाया गदर, सूर्यकुमार यादव की टीम को चटाई धूल

Mumbai T20 2026: श्रेयस अय्यर ने मुंबई टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 गेंदों में 61 रन बनाए और मुंबई फॉल्कंस को जीत दिलाई। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 48 रन की पारी खेली। मैच के बाद श्रेयस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Suryakumar yadav and shreyas iyer

सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर (फोटो- IANS)

Suryakumar Yadav vs Shreyas Iyer: शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को पद से हटा दिया गया, जबकि उनकी जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान बना दिया गया। इसके बाद कई फैंस हैरान हुए, लेकिन टी20 फॉर्मेट में श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन को देखते हुए अजीत अगरकर ने उन्हें कप्तान बनाने का फैसला लिया।

वानखेड़े में आमने सामने हुए दोनों खिलाड़ी

इस बदलाव की कुछ ही देर बाद सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने हुए। मुंबई टी20 लीग के मुकाबले में ट्रायम्फ नाइट्स और मुंबई फॉल्कंस का सामना हुआ। इस मुकाबले में मुंबई फॉल्कंस की तरफ से श्रेयस अय्यर खेल रहे थे, जबकि ट्रायम्फ नाइट्स की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे थे।

ट्रायम्फ नाइट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 147 रन बनाए, जिसमें सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 48 रन की पारी खेली। उन्होंने 24 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाए। जवाब में 149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई फॉल्कंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। किस्मत मनचंदानी और आदित्य तारे सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद श्रेयस अय्यर ने एक छोर संभाले रखा और 36 गेंदों में 61 रन की पारी खेल मुंबई फॉल्कंस को जीत दिला दी। श्रेयस की पारी की बदौलत मुंबई फॉल्कंस ने 16.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

श्रेयस अय्यर बने प्लेयर ऑफ द मैच

आपको बता दें कि मुकाबले में जहां सूर्यकुमार यादव ट्रायम्फ नाइट्स की कप्तानी कर रहे थे, तो वहीं मुंबई फॉल्कंस की ओर से श्रेयस अय्यर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे और उन्होंने शानदार पारी खेल टीम को जीत दिला दी। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

श्रेयस अय्यर अब 26 जून को भारतीय टी20 टीम की पहली बार कप्तानी करते नजर आएंगे। इससे पहले वह पिछले लगभग 3 साल से टीम इंडिया की टी20 टीम से बाहर थे। आखिरी मुकाबला उन्होंने दिसंबर 2023 में खेला था। इसके बाद से भारतीय टीम ने दो वर्ल्ड कप और दो टी20 फॉर्मेट के एशिया कप खेले, लेकिन श्रेयस अय्यर को जगह नहीं मिली। हालांकि 2026 वर्ल्ड कप से पहले उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान टीम में जगह जरूर मिली थी, लेकिन वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें