
एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड सिंगर-एक्टर निक जोनस (सोर्स: x @billboard के अकाउंट द्वारा)
Priyanka Chopra And Nik Jonas: ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड सिंगर-एक्टर निक जोनस को इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिना जाता है। सोशल मीडिया पर दोनों हमेशा अपनी बेटी मालती मैरी के साथ बिताए गए छोटे-छोटे मोमेंट्स की झलक दिखाते रहते हैं, लेकिन हाल ही में निक जोनस ने पहली बार बेटी के जन्म से जुड़े उन मुश्किल दिनों के बारे में खुलकर बात की, जिनका दर्द आज भी उनके दिल में ताजा है।
जे शेट्टी के पॉडकास्ट में बातचीत दौरान निक जोनस इमोशनल हो गए और उन्होंने बताया कि मालती का जन्म सामान्य नहीं था। वो समय से पहले पैदा हुई थीं और उनका वजन सिर्फ 1 पाउंड 11 औंस यानी करीब 765 ग्राम था। निक के अनुसार जन्म के वक्त मालती का रंग बैंगनी था और उनकी हालत बेहद नाजुक थी। डॉक्टरों को उन्हें बचाने के लिए तुरंत NICU में भर्ती करना पड़ा। साथ ही, निक ने आगे बताया कि उनकी बेटी को 6 बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन दिया गया और कई हफ्तों तक वो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ती रहीं। ये दौर सिर्फ बच्ची के लिए ही नहीं, बल्कि माता-पिता के लिए भी बेहद कठिन था। दरअसल, कोविड-19 महामारी के बीच प्रियंका और निक ने करीब साढ़े तीन महीने तक अस्पताल में रोज 12-12 घंटे बिताए ताकि मालती को हर पल देखभाल मिल सके।
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा, "अस्पताल की वो महक आज भी मुझे याद है। कुछ चीजें जिंदगी भर दिल को हिला देती हैं। हर दिन वहां रहना सुकून देने वाला भी था और डराने वाला भी, क्योंकि आसपास दूसरे परिवार भी उसी दर्द से गुजर रहे थे।" निक ने बताया कि मालती ने करीब साढ़े तीन महीने तक NICU में संघर्ष किया और धीरे-धीरे उनका वजन बढ़ने लगा। कई ट्रांसफ्यूजन के बाद जब हालत में सुधार हुआ, तब जाकर वे उसे घर ला पाए।
बेटी के बारे में बात करते हुए निक ने उसे बेहद ताकतवर बताया। उन्होंने कहा कि ये अनुभव उन्हें और ज्यादा विनम्र बना गया। आज उनकी बेटी पूरी तरह स्वस्थ है और घर में खुशियां बिखेर रही है। निक और प्रियंका दोनों अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ के बेहद आभारी हैं, जिन्होंने उस मुश्किल समय में उनका साथ दिया।
बता दें, प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने साल 2018 में राजस्थान में शाही अंदाज में शादी की थी। दोनों ने हिंदू और ईसाई, दोनों रीति-रिवाजों से विवाह किया। शादी के 4 साल बाद, साल 2022 में उन्होंने बेटी मालती का वेलकम किया। आज मालती की मुस्कान उस लंबे संघर्ष की कहानी बयां करती है, जिसे जोनस-चोपड़ा परिवार कभी नहीं भूल पाएगा।
Updated on:
05 Feb 2026 05:18 pm
Published on:
05 Feb 2026 05:10 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
