गोरखपुर, Jun 05, 2026

गोरखपुर में मिट्टी में दबकर मजदूर की मौत (फोटो-पत्रिका)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (UP Chief Minister Yogi Adityanath) के गढ़ गोरखपुर में दर्दनाक हादसा हुआ है। गोरखपुर में भटहट-बांसस्थान निर्माणाधीन फोरलेन हाइवे पर मिट्टी में दबकर एक मजदूर की मौत (Laborer Died After Being Buried in Soil) हो गई है। मजदूर के ऊपर डंपर चालक ने मिट्टी उड़ेल दी (Dumper Driver Threw Soil Over the Worker) थी।
भटहट-बांसस्थान निर्माणाधीन फोरलेन हाइवे पर दलाल चौराहे के पास बुधवार देर रात एक मजदूर की मौत हो गई। थकान के कारण मजदूर निर्माणाधीन सड़क पर डिवाइडर के पास सो गया था। सड़क पर सो रहे मजदूर पर डंपर चालक ने लापरवाही से मिट्टी गिरा दी। इससे मजदूर मिट्टी में जिंदा दब गया और उसकी मौत हो गई। दरअसल, बुधवार देर रात में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान डंपर चालक ने बिना किसी सावधानी या देख-रेख के मिट्टी गिरा दी, जिससे सोया हुआ मजदूर पूरी तरह मिट्टी में दब गया।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मजदूर रात में काम की थकान के कारण डिवाइडर पर आराम करने के लिए लेट गया था। चालक ने बिना ध्यान दिए मिट्टी डाल दी। अगले दिन गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे सड़क पर काम कर रहे लोगों को मिट्टी में दबा पैर नजर आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी हटवाकर शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र के सिधुआ गांव निवासी मिंटू पुत्र जनार्दन के रूप में हुई है। जनार्दन पिछले 5 वर्षों से गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहा गांव में रहकर मजदूरी कर रहा था। वह पिछले 10 दिनों से जंगल कौड़िया में सड़क निर्माण कार्य पर गिट्टी बिछाने का काम कर रहा था।
पुलिस द्वारा की गई CCTV जांच में डंपर चालक ने गंभीर लापरवाही का खुलासा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रंजू राजभर पुत्र हीरा राजभर, निवासी मऊ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई कर रही है। प्रशासन ने सड़क निर्माण एजेंसी को भी मजदूरों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने के लिए चेतावनी दी है।
गोरखपुर में डंपर चालक की लापरवाही से मिट्टी में दबकर हुई मजदूर की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। इस घटना ने निर्माणाधीन सड़कों पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय मजदूरों ने बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। फिलहाल, पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
मजदूर की मौत के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश ने 'X' पर लिखा- अच्छा नहीं है, संवेदनाओं का मर जाना। बेरहम मिट्टी में इंसानियत का दब जाना। हादसे के बाद मृतक की पत्नी नीता देवी ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
Published on: 05 Jun 2026 05:35 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।