
Silver prices प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)
Silver Rate: चांदी की चमक इन दिनों मध्यम वर्ग और निवेशकों की आंखों में चुभने लगी है। कहने को तो चांदी ने गुरुवार को 4,05,000 रुपए प्रति किलो का नया इतिहास रचा, लेकिन हकीकत यह है कि यह सफेद सोना आम आदमी के लिए गले की फांस बन गया है। जब ग्राहक अपने पुराने गहने बेचने सराफा बाजार पहुंच रहे है, तो कारोबारी या तो साफ मना कर रहे हैं या फिर अपनी मनमानी शर्तों पर औने-पौने दाम लगा रहे हैं। पत्रिका की पड़ताल में सामने आया कि खरीद के समय भारी-भरकम मुनाफा कमाने वाले सराफा कारोबारी अब अस्थिरता का बहाना बनाकर ग्राहकों से कन्नी काट रहे हैं।
मेरे पास पुरानी चांदी थी, जिसे बेचकर मुझे शादी के लिए कुछ जरूरी चीजें लेनी थीं। बाजार भाव 4 लाख से ऊपर है, लेकिन व्यापारी मुझे 3 लाख का भाव देने को भी तैयार नहीं हैं। यह तो सीधे तौर पर ग्राहकों का नुकसान है। रेखा चौहान, गृहिणी
चांदी का बाजार इन दिनों सट्टे जैसा व्यवहार कर रहा है। गुरुवार को 4.05 लाख के स्तर पर रहने वाली चांदी शनिवार तक 1.09 लाख रुपए प्रति किलो टूटकर 2.96 लाख पर आ गई। इस भारी उतार-चढ़ाव ने कारोबारियों को डरा दिया है, जिसका सीधा खामियाजा उन ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है जिन्हें शादी-ब्याह के लिए पुरानी चांदी बेचकर नई खरीदारी करनी है।
चांदी के दाम जिस तरह आसमान छू रहे हैं, उसे देखते हुए 90 फीसदी कारोबारी पुरानी चांदी नहीं खरीद रहे। जो खरीद रहे हैं, वे अपनी शर्तों पर दबाव बना रहे हैं। जवाहर जैन, अध्यक्ष, उपनगर ग्वालियर सराफा संघ
कुछ कारोबारी ले रहे हैं, कुछ नहीं। बाजार में उतार-चढ़ाव इतना अधिक है कि कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहता। पुरुषोत्तम जैन, अध्यक्ष, सोना-चांदी व्यवसाय संघ लश्कर
चांदी ने इस महीने जो रफ्तार पकड़ी है, उसने बड़े-बड़े दिग्गजों को हैरान कर दिया है….
01 जनवरी: 2,35,000 रुपए
15 जनवरी: 2,80,000 रुपए
23 जनवरी: 3,27,500 रुपए
29 जनवरी: 4,05,000 रुपए (ऑल टाइम हाई)
30 जनवरी: 3,40,000 रुपए (एक दिन में 65 हजार की गिरावट)
31 जनवरी: 2,96,000 रुपए (दो दिन में 1.09 लाख की गिरावट)
शुक्रवार को जब पत्रिका टीम ग्राहक बनकर लश्कर और उपनगर ग्वालियर के सराफा बाजार पहुंची, तो कारोबारियों से कुछ इस तरह चर्चा हुई।
दर्शन लाल ग्यासीराम: यहां चांदी के जेवरों की कीमत बाजार भाव से कहीं कम, महज 2.70 लाख रुपए किलो बताई गई।
श्रीराम ज्वेलर्स: यहां दाम में स्थिरता नहीं का बोर्ड टांग दिया गया और चांदी खरीदने से साफ इनकार कर दिया गया।
कार्तिक व आकाश गोल्ड: यहां भी आधे दाम या केवल गलाकर लेने की बात कही गई, वह भी किसी और के जरिए।
न्यू आरआर ज्वेलर्स: यहां 3 लाख का भाव तो मिला, टांका कटौती के नाम पर 500 ग्राम चांदी पर 200 ग्राम टांका काटने की बात कही।
Published on:
01 Feb 2026 11:48 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
