
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार, PC- Patrika
हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी ने अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी की 5 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवा दी। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने ही दो कर्मचारियों को इस्तेमाल किया और बातचीत के लिए ‘साड़ी के पैसे’ को कोडवर्ड बनाया, ताकि किसी को शक न हो। यह सनसनीखेज हत्याकांड थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के मोहम्मदपुर-रुस्तमपुर गांव का है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी राहुल शर्मा प्लास्टिक का कारोबारी है। उसकी दो दुकानें हैं, एक हापुड़ और दूसरी बिजनौर में। राहुल की पत्नी रीता (40) लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। इलाज में हो रहे खर्च को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
ASP विनीत भटनागर ने बताया कि राहुल इलाज नहीं कराना चाहता था और पत्नी से छुटकारा पाने की सोच रहा था। इसी साजिश के तहत उसने हत्या की योजना बनाई।
राहुल ने अपने दो कर्मचारियों- शेर अली उर्फ शेरा और फिरोज को हत्या के लिए तैयार किया। दोनों पर कारोबारी के 60-60 हजार रुपये उधार थे, जिन्हें माफ करने के साथ-साथ 5 लाख रुपये देने का वादा किया गया। तीनों के बीच बातचीत के लिए ‘साड़ी के पैसे’ कोडवर्ड तय किया गया।
2 फरवरी की रात राहुल ने फोन कर कर्मचारियों से कहा, 'साड़ी के पैसे लेने घर आ जाओ।' रात करीब 8:30 बजे शेरा और फिरोज राहुल के घर पहुंचे। उस समय रीता कमरे में बिस्तर पर लेटी थीं। तीनों ने मिलकर पहले कंबल से मुंह दबाया, फिर दोनों कर्मचारियों ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वारदात को लूटपाट का रूप देने के लिए घर का सामान बिखेर दिया गया।
हैरानी की बात यह रही कि वारदात के समय राहुल की मां भी घर में मौजूद थीं, लेकिन उन्हें किसी तरह की आहट या घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
हत्या के बाद राहुल बेहद शातिर तरीके से घर से निकल गया। वह रात में ही 20 किलोमीटर दूर नानई गांव में एक शादी समारोह में पहुंचा, वहां फोटो खिंचवाई, फिर बिजनौर के चांदपुर स्थित अपनी दुकान में जाकर सो गया। सुबह करीब 4 बजे वह घर लौटा और पत्नी की हत्या व लूटपाट का शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना पर कई थानों की पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड संदिग्ध रूप से शेरा और फिरोज की गली तक पहुंचा। पुलिस को राहुल की कहानी पर शक हुआ। उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकाली गई, जिससे कर्मचारियों से बातचीत और ‘साड़ी के पैसे’ कोडवर्ड का खुलासा हुआ। सख्त पूछताछ में राहुल टूट गया और उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।
पुलिस ने राहुल शर्मा, शेर अली उर्फ शेरा और फिरोज तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों कर्मचारियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद हुए हैं।
ASP विनीत भटनागर ने बताया कि, हत्या का खुलासा 4 दिन में कर लिया गया है। पति ही हत्या का मास्टरमाइंड है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
Published on:
06 Feb 2026 09:19 pm
बड़ी खबरें
View Allहापुड़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
