7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, Jun 07, 2026

Angina Symptoms: सीने में दर्द हमेशा हार्ट की बीमारी नहीं होता, जानिए कैसे पहचानें एंजाइना और नॉन-एंजाइना दर्द में फर्क

Angina Chest Pain: क्या सीने का दर्द एंजाइना है या गैस-एसिडिटी? मायो क्लिनिक (Mayo Clinic), नेशनल हार्ट, लंग एंड ब्लड इंस्टीट्यूट (NHLBI) और क्लीवलैंड क्लिनिक की जानकारी के आधार पर जानिए दोनों के लक्षणों और अंतर के बारे में।

Chest Pain, Heart Health, Heart Disease, Angina Symptoms,

सीने में दर्द से परेशान लड़की की प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- freepik)

Chest Pain Causes: सीने में दर्द होते ही ज्यादातर लोगों के मन में पहला ख्याल हार्ट अटैक का आता है। वहीं कुछ लोग इसे गैस, एसिडिटी या मांसपेशियों के दर्द समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन हर सीने का दर्द एक जैसा नहीं होता। विशेषज्ञों के अनुसार, एंजाइना (Angina) और नॉन-एंजाइना (Non-Anginal Chest Pain) के बीच अंतर समझना जरूरी है, क्योंकि एक दिल से जुड़ा हो सकता है जबकि दूसरा किसी और कारण से।

मायो क्लिनिक (Mayo Clinic), नेशनल हार्ट, लंग एंड ब्लड इंस्टीट्यूट (NHLBI) और क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, एंजाइना तब होता है जब हृदय की मांसपेशियों तक पर्याप्त ऑक्सीजन युक्त रक्त नहीं पहुंच पाता। यह अक्सर कोरोनरी आर्टरी डिजीज का संकेत माना जाता है।

क्या होता है एंजाइना दर्द?

एंजाइना को आमतौर पर सीने में दबाव, जकड़न, भारीपन या कसाव के रूप में महसूस किया जाता है। कई लोग इसे ऐसा महसूस होने जैसा बताते हैं जैसे सीने पर कोई भारी चीज रख दी गई हो। यह दर्द अक्सर तब शुरू होता है जब आप तेज चलते हैं, सीढ़ियां चढ़ते हैं, व्यायाम करते हैं, तनाव में होते हैं। दर्द केवल सीने तक सीमित नहीं रहता। यह गर्दन, जबड़े, कंधे, पीठ या बाईं बांह तक भी फैल सकता है।

क्या होता है नॉन-एंजाइना दर्द?

नॉन-एंजाइना दर्द का संबंध जरूरी नहीं कि दिल से हो। इसके पीछे गैस, एसिडिटी, मांसपेशियों में खिंचाव, फेफड़ों की समस्या या चिंता (Anxiety) जैसी वजहें हो सकती हैं। ऐसा दर्द अक्सर किसी एक जगह पर महसूस होता है। शरीर की स्थिति बदलने पर बढ़ या घट सकता है। छूने पर दर्द महसूस हो सकता है। खाने के बाद या एसिडिटी के साथ हो सकता है

एंजाइना और नॉन-एंजाइना दर्द में मुख्य अंतर

एंजाइना दर्द

  • सीने में दबाव या जकड़न जैसा महसूस होना
  • मेहनत या तनाव के दौरान बढ़ना
  • आराम करने पर कम होना
  • दर्द का गर्दन, जबड़े या बांह तक फैलना
  • सांस फूलने या पसीना आने के साथ होना

नॉन-एंजाइना दर्द

  • चुभन या जलन जैसा दर्द
  • शरीर हिलाने या दबाने पर बदलना
  • किसी एक स्थान तक सीमित रहना
  • अक्सर दिल की धमनियों से जुड़ा नहीं होना

कब तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए?

अगर सीने में नया दर्द शुरू हुआ है, दर्द कुछ मिनटों से ज्यादा बना रहता है, सांस फूल रही है, ठंडा पसीना आ रहा है या दर्द हाथ, गर्दन और जबड़े तक फैल रहा है, तो तुरंत मेडिकल सहायता लें। विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ लक्षणों के आधार पर यह तय करना मुश्किल हो सकता है कि दर्द एंजाइना है या नहीं। इसलिए बार-बार होने वाले सीने के दर्द को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो