
जयपुर। खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की टीम ने शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत सोमवार को फास्ट फूड चेन मैकडॉनल्ड्स समेत दो रेस्टोरेंट पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट में फ्रेंच फ्राइज और अन्य खाद्य पदार्थ अत्यंत घटिया, अनुपयोगी और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक खाद्य तेल में तले जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान लगभग 100 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी.शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने गौरव टॉवर स्थित दो रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि रेस्टोरेंट में इस्तेमाल किए जा रहे रिफाइंड पामोलीन तेल का टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड) स्तर निर्धारित अधिकतम सीमा 25 से कहीं अधिक पाया गया।
इसलिए विषाक्त श्रेणी का माना गया तेल
नॉन वेज फ्राइंग में इस्तेमाल हो रहे तेल का टीपीसी 28 और वेज खाद्य पदार्थों के लिए उपयोग किए जा रहे तेल का टीपीसी 31 था। टीपीसी 25 से अधिक होने पर तेल विषाक्त श्रेणी में आता है। ऐसे तेल में कैंसर कारक तत्व विकसित हो जाते हैं और ट्रांस फैट की मात्रा अत्यधिक बढ़ जाती है, जो दिल की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनती है। टीम ने पाया कि रेस्टोरेंट में उपयोग में लिया जा रहा तेल अत्यधिक काला हो चुका था और पूरी तरह अनुपयोगी स्थिति में था। इसके बावजूद इसी तेल को करीब 150 डिग्री सेल्सियस तापमान पर गर्म कर सुबह से रात तक लगातार फ्राइंग की जा रही थी। मौके से करीब 40 लीटर तेल के नमूने लेकर उसे नष्ट करवाया गया। इस दौरान रेस्टोरेंट मैनेजर संभव भारद्वाज को तुरंत प्रभाव से केवल ताजा और मानक अनुरूप तेल के उपयोग के निर्देश दिए गए।
कोल्ड रूम में मिले सड़े गले टमाटर
रेस्टोरेंट के कोल्ड रूम में प्लास्टिक की कैरेट में सड़े-गले टमाटर पाए गए, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन थे। मौके पर ही करीब 40 किलो खराब टमाटर नष्ट करवाए गए। विभाग ने रेस्टोरेंट को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रेस्टोरेंट चाट का चस्का पर भी कार्रवाई
इसी अभियान के तहत गौरव टावर स्थित एक अन्य रेस्टोरेंट ‘चाट का चस्का’ में भी कार्रवाई की गई। यहां लगभग 25 किलो दूषित खाद्य सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके साथ ही खाद्य तेल का एक नमूना जांच के लिए लिया गया है।
Published on:
09 Feb 2026 09:20 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
