
Apna Khata App: जयपुर। अब जमीन से जुड़े जरूरी कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री हेमंत मीणा ने ‘अपना खाता’ मोबाइल ऐप का लोकार्पण कर आमजन को बड़ी डिजिटल सुविधा की सौगात दी। शासन सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन पर ही राजस्व विभाग की अनेक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों का समय, ऊर्जा और पैसा बचेगा।
‘अपना खाता’ ऐप के जरिए नामांतरण, सीमाज्ञान, सहमति विभाजन, विभिन्न प्रकार की नकलें, जमाबंदी और मानचित्र संबंधी जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इसके साथ ही आवेदनों की स्थिति, गैर-राजकीय प्रतिबंधित भूमि की रिपोर्ट, विभागीय परिपत्र और गिरदावरी से जुड़ी सेवाएं भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगी। इसका सीधा फायदा किसानों, जमीन मालिकों, निवेशकों और आम नागरिकों को मिलेगा, जिन्हें अक्सर छोटी जानकारी के लिए भी कार्यालयों में लंबी कतारों में लगना पड़ता था।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर के विधायकों के साथ सहभागिता बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें राजस्व विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विधायकों ने अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे और सुझाव साझा किए। राजस्व मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मामलों का प्राथमिकता से त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि जनता को समय पर राहत मिल सके।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजस्व सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाना है। ‘अपना खाता’ ऐप इसी दिशा में एक मजबूत कदम है, जो नागरिकों को जागरूक बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर डिजिटल सेवाओं से जोड़ता है। अब स्मार्टफोन ही बनेगा आपकी जमीन से जुड़ी हर जानकारी की चाबी।
| क्रमांक | सेवा / जानकारी | क्या काम आता है | आमजन को लाभ |
|---|---|---|---|
| 1 | नामांतरण (Mutation) | जमीन मालिकाना हक में बदलाव दर्ज करना | खरीद-फरोख्त के बाद रिकॉर्ड तुरंत अपडेट |
| 2 | सीमाज्ञान | खेत / प्लॉट की सही सीमा की जानकारी | विवाद से बचाव, सही माप सुनिश्चित |
| 3 | सहमति विभाजन | संयुक्त भूमि का बंटवारा | परिवारिक विवाद में कमी |
| 4 | जमाबंदी नकल | भूमि रिकॉर्ड की प्रमाणित प्रति | बैंक लोन, कानूनी काम में उपयोग |
| 5 | मानचित्र जानकारी | जमीन का नक्शा देखना | प्लानिंग और निर्माण में सुविधा |
| 6 | आवेदन स्थिति | लगाए गए आवेदन की प्रगति ट्रैक करना | बार-बार ऑफिस जाने से मुक्ति |
| 7 | गैर-राजकीय प्रतिबंधित भूमि रिपोर्ट | विवादित या प्रतिबंधित भूमि की पहचान | सुरक्षित निवेश में मदद |
| 8 | विभागीय परिपत्र | नए नियम और आदेश | अपडेट जानकारी समय पर मिले |
| 9 | गिरदावरी विवरण | फसल और खेती की जानकारी | किसान योजनाओं में लाभ |
| 10 | विभिन्न प्रकार की नकलें | रिकॉर्ड की डिजिटल कॉपी | दस्तावेज तुरंत उपलब्ध |
Updated on:
28 Jan 2026 03:44 pm
Published on:
28 Jan 2026 03:32 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
