7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर, Jun 07, 2026

जयपुर में युवक की हत्या के बाद नदी किनारे दफनाया शव, पैंट का कुछ हिस्सा मिट्टी से बाहर दिखा तो बुलाई पुलिस

जयपुर जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र के हरचंदपुरा-अरनिया नदी इलाके में रविवार सुबह एक युवक का शव मिट्टी में गड़ा हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की हत्या के बाद बदमाशों ने शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया।

Chandwaji youth murder

घटनास्थल पर पुलिस और ग्रामीण। फोटो पत्रिका

जयपुर। जयपुर जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र के हरचंदपुरा-अरनिया नदी इलाके में रविवार सुबह एक युवक का शव मिट्टी में गड़ा हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की हत्या के बाद बदमाशों ने शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया। मृतक की पहचान कंवरपुरा के हरचंदपुरा निवासी राकेश जाट (33) पुत्र सुगला राम जाट के रूप में हुई है। पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन किया और शव को नहीं ले जाने दिया, लेकिन बाद में पुलिस ने भीड़ को हटाकर जबरन शव को अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, हरचंदपुरा निवासी राकेश जाट घर पर ही रहता था और परिवार के साथ खेती-बाड़ी व घरेलू कार्य करता था। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। आशंका है कि मृतक ने किसी अपराध को होते हुए देखा था या सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसकी हत्या की गई। बदमाशों ने सड़क किनारे हत्या करने के बाद शव को करीब 300 मीटर तक घसीटा और एक विद्युत पोल के पास गड्ढे में डालकर मिट्टी से ढक दिया।

हत्यारे शव को पूरी तरह छिपाना चाहते थे, लेकिन जल्दबाजी में मृतक की पैंट का कुछ हिस्सा मिट्टी से बाहर रह गया। रविवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने मिट्टी से बाहर कपड़ा और पास में खून के निशान देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। युवक के सिर और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

रातभर ढूंढते रहे परिजन

थानाधिकारी हीरालाल सैनी ने बताया कि मृतक राकेश जाट शनिवार देर शाम बिना बताए घर से निकल गया था। रात करीब 8 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद भाई-बहनों और परिवार के अन्य सदस्यों ने रातभर उसे हर संभावित स्थान पर तलाशा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह नदी के रास्ते गुजरते लोगों ने शव देखा

रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीण अपने काम के लिए निकले। मृतक के घर से करीब एक किलोमीटर दूर कंवरपुरा स्थित नदी किनारे ताजा खुदी मिट्टी और खून के निशान दिखाई दिए। वहां से घसीटने के निशान भी स्पष्ट नजर आ रहे थे। आगे नदी के पास एक विद्युत पोल के पास गड्ढे तक घसीटने के निशान मिले और वहां नई मिट्टी डाली हुई थी। जब लोगों ने थोड़ी मिट्टी हटाई तो ऊपर पैंट का हिस्सा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर जमीन पर खून फैला हुआ था। लाश दबे होने की आशंका पर मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस टीमों ने जुटाए सबूत, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए चंदवाजी थाना पुलिस के साथ शाहपुरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह, जमवारामगढ़ उपाधीक्षक और थाना प्रभारी हीरालाल सैनी मौके पर पहुंचे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भीड़ को नियंत्रित किया गया। रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मिट्टी हटाकर शव को बाहर निकाला गया। जयपुर से आई एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम ने मौके से साक्ष्य और फिंगरप्रिंट एकत्र किए। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित एंगल से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए निम्स अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

इनपुट-लक्ष्मीनारायण यादव

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें