जयपुर, Jun 05, 2026

फोटो पत्रिका नेटवर्क
मनोहरपुर/शाहपुरा। जयपुर जिले के मनोहरपुर कस्बे में भाजपा नेता एवं कबाड़ व्यवसायी रामावतार असवाल उर्फ पप्पू की हत्या के मामले का पुलिस ने मात्र तीन दिन में खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश या आपराधिक दुश्मनी नहीं, बल्कि कबूतरों के लिए पुराना कूलर खरीदने को लेकर हुआ मामूली विवाद था, जिसने खूनी रूप ले लिया। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि 1 जून की देर शाम श्याम मार्केट स्थित कबाड़ गोदाम में रामावतार असवाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस लुहार मंडी, मनोहरपुर निवासी सोहिल (20) पुत्र कुतुबुद्दीन लुहार तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोहिल बेल्डिंग का काम करता है और कबाड़ गोदाम पर अक्सर स्क्रैप बेचने आता था। घटना वाले दिन वह कबूतर रखने के लिए पुराना कूलर खरीदने गोदाम पहुंचा था। कूलर की खरीद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान मृतक का एक परिचित मिलने आ गया, जिससे आरोपी कुछ देर इंतजार करता रहा। परिचित के जाने के बाद दोनों के बीच फिर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने लोहे की एंगल से रामावतार के सिर पर वार कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद उसने चाकू से गर्दन और हाथ पर कई वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में कांस्टेबल दारासिंह की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
Published on: 05 Jun 2026 08:41 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।